लगातार बारिश का असर रायपुर के सब्जी बाजार पर पड़ा है. स्थानीय खेतों में फसल प्रभावित होने और मंडियों में आवक घटने के कारण कई सब्जियों के दाम तेजी से बढ़ गए हैं. पालक 200 रुपये और खेक्सी 150 रुपये किलो तक बिक रही है.
बाजार में फ्रेंच बीन्स और मटर की कीमत 140 रुपये किलो तक पहुंच गई है. प्याज 80 रुपये, करेला 120 रुपये, भिंडी 80 रुपये, बरबट्टी 80 रुपये और सेम 100 रुपये किलो बिक रही है. कुंदरू और बैंगन 60 रुपये किलो, जबकि कुम्हड़ा और लौकी 50 रुपये किलो तक हैं. ग्वार फली का भाव 60 रुपये किलो बताया गया है.
दूसरे राज्यों से मंगानी पड़ रही सब्जियां
स्थानीय आवक कम होने से कारोबारियों को दूसरे राज्यों से सब्जियां मंगानी पड़ रही हैं. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, खेक्सी और कुछ अन्य सब्जियां पश्चिम बंगाल से लाई जा रही हैं. प्याज की आपूर्ति नासिक से हो रही है, जबकि कर्नाटक से शिमला मिर्च आ रही है. शिमला मिर्च का भाव करीब 100 रुपये किलो है.
थोक सब्जी मंडी व्यावसायी संघ के अध्यक्ष टी. श्रीनिवास रेड्डी के अनुसार, बारिश के कारण खेतों से कम माल निकल रहा है. आवक घटने से थोक भाव बढ़े हैं और बाहर से सब्जियां मंगाने पर परिवहन खर्च भी बढ़ जाता है. इसका सीधा असर खुदरा कीमतों पर पड़ रहा है.
कारोबारियों का कहना है कि अगर बारिश जारी रही तो दाम में और बढ़ोतरी हो सकती है. स्थानीय आवक सामान्य होने और बारिश थमने के बाद ही बाजार में कीमतों में राहत की उम्मीद है.
