रायपुर के गुढ़ियारी निवासी विनेश तुरकाने को दो महीने के लिए जिला बदर किया गया है. आदेश के तहत वह रायपुर समेत छह जिलों की राजस्व सीमा में नहीं रह सकेगा. यह कार्रवाई पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने छत्तीसगढ़ राज्य सुरक्षा अधिनियम, 1990 के तहत की है.

पुलिस के अनुसार, विनेश तुरकाने (31) पिता दुर्गेश तुरकाने खालबाड़ा, गुढ़ियारी में मिराज पेट्रोल पंप के पास रहता है. पुलिस रिकॉर्ड में उसका नाम वर्ष 2016 से अलग-अलग आपराधिक मामलों में सामने आने की बात कही गई है. गुढ़ियारी थाने में उसके खिलाफ मारपीट, आर्म्स एक्ट, जुआ और सट्टे से जुड़े आधा दर्जन से अधिक मामले दर्ज बताए गए हैं.

पहले भी हो चुकी है प्रतिबंधात्मक कार्रवाई

पुलिस का कहना है कि विनेश के खिलाफ पहले कई बार प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई, लेकिन उसकी आपराधिक गतिविधियों में कमी नहीं आई. पुलिस रिपोर्ट में उसे गुढ़ियारी क्षेत्र का गुण्डा-बदमाश बताया गया है.

इस मामले में उत्तर क्षेत्र के डीसीपी की ओर से प्रतिवेदन प्रस्तुत किया गया था. इसमें उसके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड और पूर्व में की गई कार्रवाई का विवरण दिया गया. पुलिस रिपोर्ट और उपलब्ध रिकॉर्ड की जांच के बाद जिला बदर का आदेश जारी किया गया.

आदेश के अनुसार, विनेश तुरकाने को रायपुर, दुर्ग, धमतरी, महासमुंद, बलौदाबाजार और गरियाबंद जिलों की सीमा से दो महीने के लिए बाहर किया गया है. पुलिस ने कहा है कि लगातार अपराध करने वाले लोगों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक और जिला बदर जैसी कार्रवाई जारी रहेगी.