रायपुर की वीआईपी रोड पर पिछले 20 महीनों में 55 हादसे हुए हैं. इन दुर्घटनाओं में 16 लोगों की मौत हुई, जबकि 59 लोग घायल हुए. एयरपोर्ट और नवा रायपुर जाने वाले इस प्रमुख मार्ग पर रोजाना 60 हजार से ज्यादा वाहनों का दबाव रहता है. वीआईपी तिराहे से फुंडहर चौक तक सड़क फोरलेन है, लेकिन इसके आगे यह टू-लेन हो जाती है.

इस दबाव को कम करने के लिए टेमरी से माना वीआईपी रोड तक एलिवेटेड कॉरिडोर और नई सड़क बनाने की योजना है. परियोजना के लिए 156.27 करोड़ रुपये का बजट प्रावधान किया गया है और डीपीआर तैयार हो चुका है. हालांकि, जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरी नहीं होने के कारण निर्माण शुरू नहीं हुआ है. अब तक टेंडर भी जारी नहीं किया गया है.

प्रस्तावित कॉरिडोर का मार्ग

रेलवे स्टेशन से जगदलपुर रोड को जोड़ने वाले 12 किलोमीटर लंबे एक्सप्रेस-वे के विस्तार के तहत केंद्री, फुंडहर और टेमरी को माना वीआईपी रोड से जोड़ा जाना है. फुंडहर से टेमरी के बीच सड़क 45 मीटर चौड़ी और छह लेन की प्रस्तावित है. योजना पूरी होने पर वीआईपी रोड, गौरवपथ और कैनाल रोड पर वाहनों का दबाव घटने की उम्मीद है.

टेमरी में परियोजना के लिए 2.65824 हेक्टेयर जमीन का लैंड यूज बदलने की अधिसूचना जारी की गई थी. संबंधित विभागों को खसरा नंबर, रकबा और नक्शे की जानकारी भेजी गई तथा दावा-आपत्ति भी मंगाई गई, लेकिन अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरी नहीं हुई.

मुख्य अभियंता एसके कोरी के अनुसार डीपीआर तैयार है और बजट का प्रावधान किया गया है. रायपुर के एसडीएम नभ सिंह कोसले ने कहा कि जमीन अधिग्रहण जारी है और देरी के कारणों की जांच कर समस्याएं दूर की जाएंगी.