रायपुर में भगवान विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर पांच दिवसीय आयोजन चल रहा है. कार्यक्रम में समाज के बच्चों और युवाओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं. भगवान विश्वकर्मा की पूजा के साथ पारंपरिक कारीगरी, समाजसेवा और लोगों के काम आने वाले विषयों पर चर्चा भी हुई.

आयोजन के दौरान युवाओं की ओर से रक्तदान शिविर लगाया जाएगा. महावीर इंटरनेशनल के सहयोग से आंखों की जांच का शिविर भी आयोजित किया गया है. जांच के बाद जरूरतमंद लोगों को चश्मे दिए जाने की जानकारी दी गई.

कारीगरों को नई तकनीक सीखने पर जोर

कार्यक्रम में सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि विश्वकर्मा समाज कई पीढ़ियों से निर्माण और कारीगरी से जुड़ा रहा है. उनके मुताबिक, समाज के लोगों ने बैलगाड़ी और उसके पहिए बनाने से लेकर आधुनिक निर्माण कार्यों तक अपने हुनर से योगदान दिया है.

अग्रवाल ने कहा कि छत्तीसगढ़ में खनिज और प्राकृतिक संसाधनों के साथ बड़े उद्योग भी हैं. उन्होंने भिलाई इस्पात संयंत्र सहित प्रदेश में मौजूद निर्माण क्षमता का उल्लेख किया. उन्होंने बच्चों और युवाओं को पारंपरिक काम से जोड़ने के साथ नए तरीकों और तकनीकों को सीखने की बात कही.

उन्होंने प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना का भी उल्लेख करते हुए कहा कि इसके जरिए पारंपरिक काम करने वाले कारीगरों को आगे बढ़ने में मदद दी जा रही है. विधायक सुनील सोनी ने भगवान विश्वकर्मा को मेहनत और काम का प्रतीक बताया. विधायक पुरंदर मिश्रा भी कार्यक्रम में शामिल हुए.

17 सितंबर को शोभायात्रा

आयोजन के तहत 17 सितंबर को शोभायात्रा निकाली जाएगी. समाज की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर लोगों से अपने घरों में ‘आशीर्वाद का दीप’ जलाने की अपील भी की गई है. कार्यक्रम में समाज के पदाधिकारी, महिलाएं, युवा और बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे.