रायपुर में श्री विश्वकर्मा पूजा महोत्सव 2026 के अवसर पर भगवान विश्वकर्मा की शोभायात्रा निकाली गई. बढ़ईपारा स्थित धर्मशाला से शुरू हुई यात्रा अग्रसेन चौक, आमापारा, आजाद चौक और तात्यापारा चौक से होते हुए वापस दुलार धर्मशाला पहुंची, जहां इसका समापन हुआ.
शोभायात्रा में समाज के बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया. आकर्षक झांकियों, भजन-कीर्तन और धार्मिक गीतों के कारण पूरे मार्ग पर भक्तिमय माहौल रहा. समाज के लोग पारंपरिक वेशभूषा में शामिल हुए, जबकि रास्ते में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने शोभायात्रा का स्वागत किया. लोगों ने भगवान विश्वकर्मा की पूजा-अर्चना कर सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की.
समाज के पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि हुए शामिल
समाज अध्यक्ष रमेश शर्मा ने कहा कि भगवान विश्वकर्मा को शिल्प, निर्माण और तकनीकी कौशल का देवता माना जाता है. उन्होंने बताया कि आयोजन का उद्देश्य उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर समाज में एकता, भाईचारे और कर्म के प्रति समर्पण की भावना को मजबूत करना है.
शोभायात्रा में उत्तर विधायक पुरंदर मिश्रा, समाज संरक्षक और लौह शिल्पकार बोर्ड के अध्यक्ष प्रफुल्ल विश्वकर्मा समेत समाज के कई पदाधिकारी और वरिष्ठजन शामिल हुए. बड़ी संख्या में महिलाएं और बच्चे भी यात्रा का हिस्सा बने. समापन पर विधिवत पूजा-अर्चना के बाद प्रसाद वितरित किया गया.
