रायपुर जिले में मतदाता सूची से छूटे नामों की पहचान का अभियान शुरू हो गया है. निर्वाचन आयोग के निर्देश पर बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर उन मतदाताओं की जानकारी जुटा रहे हैं, जिनके नाम पहले मतदाता सूची में दर्ज थे, लेकिन नई सूची में नहीं हैं. जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों में वार्डवार सर्वे कर ऐसे मतदाताओं की अलग सूची तैयार की जा रही है.

बीएलओ को अभियान से पहले विभिन्न स्तरों पर प्रशिक्षण दिया गया है. प्रत्येक बीएलओ को हर सप्ताह कम से कम 20 से 25 छूटे मतदाताओं की पहचान करने का लक्ष्य दिया गया है. अभियान को एक महीने में पूरा करने की तैयारी है. पहचान के बाद पात्र लोगों के नाम मतदाता सूची में जोड़ने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी.

जिन मतदाताओं के नाम सूची में नहीं हैं, वे संबंधित बीएलओ से संपर्क कर फॉर्म-6 ले सकते हैं. आवश्यक दस्तावेजों के साथ आवेदन जमा करने के बाद सत्यापन किया जाएगा. पात्र पाए जाने पर नाम मतदाता सूची में जोड़ा जाएगा. 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवा भी फॉर्म-6 के जरिए आवेदन कर सकेंगे.

बीएलओ छूटे मतदाताओं की सूची मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंटों को भी उपलब्ध कराएंगे. रैन बसेरों, मजदूर बस्तियों, बेघर और अन्य वंचित लोगों के लिए विशेष शिविर लगाने की तैयारी है.

फॉर्म-7 जमा करने की सीमा तय

मतदाता सूची से नाम हटाने या किसी नाम पर आपत्ति दर्ज कराने के लिए इस्तेमाल होने वाले फॉर्म-7 पर भी सीमा लागू की गई है. छत्तीसगढ़ समेत मतदाता सूची अपडेट करने वाले राज्यों में एक व्यक्ति एक महीने में अधिकतम पांच आवेदन जमा कर सकेगा. यह सीमा ऑनलाइन और ऑफलाइन, दोनों माध्यमों पर लागू होगी. एसआईआर वाले राज्यों में यह सीमा 10 आवेदन बताई गई है.

निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण नियम, 1960 के नियम 13(2) के अनुसार संबंधित निर्वाचन क्षेत्र की मतदाता सूची में दर्ज व्यक्ति ही फॉर्म-7 जमा कर सकता है.