रायपुर के तेलीबांधा थाना क्षेत्र में सामने आए कथित वॉश-वॉश सिंडिकेट मामले में पुलिस ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक, आरोपी काले कागज को केमिकल की मदद से असली नोट में बदलने का झांसा देकर लोगों से ठगी करते थे. इसी तरीके से सालिक-ग्रुप के डायरेक्टर से करीब 1.13 करोड़ रुपए ठगे जाने का आरोप है.

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रामायण सिंह उर्फ अभिषेक सिंह (39) और दीपक सिंह (46) के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार, रामायण सिंह मुंबई के विरार वेस्ट और दीपक सिंह मीरा रोड, पालघर का रहने वाला है. दोनों महाराष्ट्र के पालघर जिले से जुड़े बताए गए हैं.

इन दोनों की गिरफ्तारी के बाद मामले में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या बढ़कर 11 हो गई है. कार्रवाई एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और तेलीबांधा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने की. पुलिस अब दोनों से कथित ठगी नेटवर्क और मामले में उनकी भूमिका को लेकर पूछताछ कर रही है.

पहले 9 आरोपियों से 4 करोड़ से ज्यादा की बरामदगी

पुलिस के मुताबिक, पहले गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 4 करोड़ रुपए से अधिक की नकदी बरामद की गई थी. इसके अलावा 20 मोबाइल फोन, एटीएम कार्ड, नोट के आकार के काले कागज, कांच की प्लेट्स, दस्तावेज और अन्य सामग्री जब्त की गई. जब्त सामान की कुल कीमत करीब 4 करोड़ 2 लाख रुपए बताई गई है.

जांच के दौरान पुलिस ने जब्त मोबाइल फोन और उनमें मौजूद डिजिटल सामग्री का तकनीकी विश्लेषण किया. पुलिस का कहना है कि इससे आरोपियों के आपसी संपर्क और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी मिली. इसी जांच के आधार पर दोनों नए आरोपियों की भूमिका सामने आई.

पुलिस के अनुसार, तकनीकी साक्ष्यों और लगातार निगरानी के बाद दोनों को लोकेट कर गिरफ्तार किया गया. पूछताछ से मिलने वाली जानकारी के आधार पर मामले में आगे कार्रवाई की जा सकती है.