रायपुर नगर निगम में टैक्स और अन्य शुल्क की वसूली को लेकर महापौर मीनल चौबे ने अधिकारियों को नियमों का पालन करने के निर्देश दिए हैं. नगर निगम मुख्यालय में हुई राजस्व विभाग की बैठक में जलकर, यूजर चार्ज, बकाया टैक्स, पार्ट-पेमेंट, कॉलोनियों में वसूली और निगम की लीज वाली संपत्तियों की समीक्षा की गई.

नल कनेक्शन नहीं तो जलकर नहीं

बैठक में सामने आया कि कुछ ऐसे मकानों को भी जलकर के बिल भेजे जा रहे हैं, जहां नल कनेक्शन नहीं है. महापौर ने निर्देश दिया कि बिना नल कनेक्शन वाले मकानों से जलकर की वसूली नहीं की जाए. उन्होंने कहा कि निगम का राजस्व बढ़ाना जरूरी है, लेकिन लोगों पर गलत तरीके से कर का बोझ नहीं डाला जा सकता.

महापौर ने जलकर और यूजर चार्ज पर ब्याज नहीं लगाने को कहा. जिन लोगों के लिए बकाया राशि एक साथ जमा करना मुश्किल है, उनके लिए पार्ट-पेमेंट की सुविधा आसान बनाने के निर्देश दिए गए. ऑनलाइन पोर्टल पर भी नियमानुसार पार्ट-पेमेंट की सुविधा उपलब्ध कराने को कहा गया.

कर की गणना और कॉलोनियों की जांच

अधिकारियों से कहा गया कि लोगों को स्पष्ट जानकारी दी जाए कि उनसे कितना टैक्स लिया जा रहा है और उसकी गणना किस आधार पर की गई है. कर नियमों और अलग-अलग स्लैब की जानकारी आसान भाषा में सार्वजनिक करने के निर्देश भी दिए गए. महापौर ने कहा कि हर मामले में कागज, नियम और मौके की स्थिति देखकर ही टैक्स तय किया जाए.

जिन कॉलोनियों का नगर निगम को हैंडओवर हो चुका है और जिनका हैंडओवर लंबित है, उनकी फाइलों की जांच होगी. इसमें निगम को मिली सुविधाओं और उसी आधार पर लगाए जा रहे टैक्स की समीक्षा की जाएगी. डायवर्सन की तारीख से टैक्स लगाने की प्रक्रिया भी नियमों के अनुसार करने को कहा गया.

लीज संपत्तियों और लंबित मामलों की समीक्षा

समाप्त हो चुकी लीज वाली निगम संपत्तियों के मामले में पहले नियमानुसार नवीनीकरण और उसके बाद आगे की कार्रवाई के निर्देश दिए गए. महापौर ने कहा कि निगम की जिम्मेदारी केवल टैक्स वसूलना नहीं, बल्कि सड़क, पानी और सफाई जैसी सुविधाएं देना भी है. बैठक में एमआईसी सदस्य अवतार सिंह बागल सहित सभी जोनों के राजस्व अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे.