रायपुर. छत्तीसगढ़ में चक्रवात ‘अकवान’ और उत्तरी हिस्से में बने कम दबाव के क्षेत्र का असर कमजोर पड़ने के बाद मौसम में बदलाव के संकेत हैं. मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों तक न्यूनतम तापमान में बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है. इसके बाद 24 नवंबर से रात के तापमान में गिरावट शुरू हो सकती है. इससे मंगलवार से प्रदेश में ठंड का असर बढ़ने के आसार हैं.
फिलहाल प्रदेश में एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. मौसम खुलने और बादलों का असर कम होने के बाद रातें ठंडी होने की संभावना है. रविवार सुबह रायपुर में कोहरा भी छाया रहा.
बारिश से दिन का तापमान गिरा
शनिवार को छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई. बिलासपुर संभाग के एक-दो स्थानों पर भारी वर्षा दर्ज की गई. भैसमा में सबसे अधिक 90 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड हुई, जबकि रायपुर में 14.9 मिलीमीटर वर्षा हुई. बारिश और बादलों के कारण दिन का तापमान नीचे रहा, हालांकि रात का तापमान सामान्य से ऊपर बना रहा.
रायपुर में शनिवार को अधिकतम तापमान 24.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब 6 डिग्री कम था. न्यूनतम तापमान 20.2 डिग्री रहा, जो सामान्य से 3.7 डिग्री अधिक है. मौसम विभाग के अनुसार, आसमान साफ होने के बाद रात के तापमान में गिरावट आ सकती है.
पेण्ड्रारोड सबसे ठंडा, जगदलपुर सबसे गर्म
शनिवार को पेण्ड्रारोड में न्यूनतम तापमान 16.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो प्रदेश में सबसे कम रहा. जगदलपुर में अधिकतम तापमान 30.1 डिग्री रहा, जो सबसे अधिक था. बिलासपुर का अधिकतम तापमान 22.9 डिग्री, अंबिकापुर का 23.5 और न्यूनतम 19 डिग्री रहा. माना एयरपोर्ट में अधिकतम 25 और न्यूनतम 19.8 डिग्री, दुर्ग में न्यूनतम 18.4 और राजनांदगांव में 18 डिग्री तापमान दर्ज किया गया.
