नवंबर का आखिरी सप्ताह शुरू होने के बावजूद रायपुर में रात की कड़ाके की ठंड का इंतजार बना हुआ है. मंगलवार को राजधानी का न्यूनतम तापमान 20.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4.2 डिग्री अधिक है. अधिकतम तापमान 30.1 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य के आसपास है.

दिन में धूप और रात में अपेक्षित गिरावट नहीं होने से ठंड कमजोर बनी हुई है. मंगलवार को सुबह साढ़े आठ बजे हवा में नमी 83 प्रतिशत थी, जो शाम साढ़े पांच बजे घटकर 69 प्रतिशत रह गई. आसमान में औसतन 30 प्रतिशत बादल रहे, जबकि हवा की औसत गति केवल एक किलोमीटर प्रति घंटा दर्ज की गई. पूरे दिन बारिश नहीं हुई.

छत्तीसगढ़ के अलग-अलग हिस्सों में तापमान

प्रदेश में तापमान का असर एक जैसा नहीं रहा. जगदलपुर में अधिकतम तापमान 30.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे अधिक रहा. पेंड्रारोड में न्यूनतम तापमान 14 डिग्री रहा, जो सबसे कम था. अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 15.3 डिग्री, दुर्ग में 16.2 डिग्री और बिलासपुर में 19.4 डिग्री दर्ज किया गया. माना एयरपोर्ट पर अधिकतम तापमान 29.7 और न्यूनतम 19.4 डिग्री सेल्सियस रहा.

इन आंकड़ों के मुताबिक उत्तरी छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में रायपुर और अन्य मैदानी क्षेत्रों की तुलना में रात की ठंड अधिक प्रभावी है.

अगले दो दिनों का पूर्वानुमान

मौसम विज्ञान केंद्र रायपुर के अनुसार प्रदेश में फिलहाल किसी सक्रिय मौसम प्रणाली के संकेत नहीं हैं. मंगलवार को मौसम शुष्क रहा और कहीं भी वर्षा दर्ज नहीं की गई. बुधवार 25 नवंबर को रायपुर में आसमान मुख्य रूप से साफ रहने तथा अधिकतम तापमान करीब 30 और न्यूनतम तापमान करीब 19 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. अगले दो दिनों में भी प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना है. बारिश को लेकर कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है.