रायपुर और छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में रविवार, 1 नवंबर को हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं. मौसम विभाग के अनुसार राजधानी रायपुर में आसमान आंशिक रूप से बादलों से ढका रह सकता है और गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी होने की संभावना है. प्रदेश में एक-दो स्थानों पर बिजली गिरने की चेतावनी भी जारी की गई है.
अगले दो दिनों में छत्तीसगढ़ के अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है. रायपुर में अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. शनिवार को शहर का अधिकतम तापमान 30.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.7 डिग्री कम था. न्यूनतम तापमान 21.2 डिग्री रहा, जो सामान्य से 1.3 डिग्री अधिक था.
जशपुर के मनोरा में सबसे ज्यादा बारिश
पिछले 24 घंटे में प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई, जबकि एक-दो स्थानों पर भारी बारिश दर्ज की गई. जशपुर जिले के मनोरा में सबसे अधिक 70 मिलीमीटर बारिश हुई. कुनकुरी और बलरामपुर जिले के कुसमी में 50-50 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई.
मौसम विभाग के मुताबिक, जगदलपुर में प्रदेश का सबसे अधिक अधिकतम तापमान 31.6 डिग्री सेल्सियस और दुर्ग में सबसे कम न्यूनतम तापमान 19.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
बंगाल की खाड़ी में बन रहा सिस्टम
दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी और अंडमान सागर के पास बना कम दबाव का क्षेत्र 31 अक्टूबर को अवदाब में बदल गया. यह श्री विजयपुरम से करीब 330 किलोमीटर पश्चिम-दक्षिण पश्चिम में स्थित है. इसके अगले 12 घंटे में गहरे अवदाब और बाद में चक्रवाती तूफान में बदलने की संभावना जताई गई है. इसके 2 नवंबर की शाम तक आंध्र प्रदेश तट के पास पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी तक पहुंचने का अनुमान है.
