गणेशोत्सव और आगमक झांकी कार्यक्रम से पहले रायपुर पुलिस ने असामाजिक तत्वों और अपराधों में शामिल लोगों के खिलाफ अभियान तेज किया है. पश्चिम क्षेत्र के 9 थाना क्षेत्रों में सप्ताहभर चले विशेष अभियान के दौरान पुलिस ने 181 लोगों पर कार्रवाई की. पुलिस के अनुसार, इनमें चाकूबाजी, नशीले पदार्थों की बिक्री, अवैध शराब, फरार वारंटियों और निगरानी बदमाशों से जुड़े मामले शामिल हैं.

चाकू और नशीले पदार्थों के मामलों में कार्रवाई

अभियान के दौरान 13 लोगों पर आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई कर चाकू जब्त किए गए. एनडीपीएस एक्ट के 4 मामलों में 210 नशीली गोलियां, 77 नशीले सिरप और 15.500 किलोग्राम गांजा बरामद किए जाने की जानकारी पुलिस ने दी है. आबकारी एक्ट के तहत 18 प्रकरण दर्ज कर 51.16 बल्क लीटर अवैध शराब जब्त की गई.

थाना स्तर पर न्यू राजेंद्र नगर पुलिस ने 110 नशीली गोलियां, आजाद चौक पुलिस ने 100 नशीली गोलियां, सरस्वती नगर पुलिस ने 77 नशीले सिरप और मुजगहन पुलिस ने 15.500 किलोग्राम गांजा जब्त किया. टिकरापारा, डीडी नगर, आमानाका, पुरानी बस्ती और कबीर नगर थाना क्षेत्रों में भी कार्रवाई की गई.

वारंटियों और निगरानी बदमाशों की जांच

पुलिस के मुताबिक, अभियान के दौरान 7 स्थायी वारंट और 33 गिरफ्तारी वारंट तामील किए गए. भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 170 के तहत 104 लोगों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई हुई. इसके अलावा पुलिस टीमों ने 57 गुंडा-बदमाशों और 39 निगरानी बदमाशों की चेकिंग की.

यह अभियान पश्चिम क्षेत्र के पुलिस उपायुक्त रॉबिनसन गुड़िया और अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राहुल देव शर्मा के मार्गदर्शन में चलाया गया. पुलिस ने कहा कि गणेशोत्सव और झांकी के दौरान संवेदनशील इलाकों, झांकी स्थलों, चौक-चौराहों और सार्वजनिक स्थानों पर निगरानी बढ़ाई जाएगी.