रायपुर में कंपनी अधिकारियों की फर्जी WhatsApp पहचान बनाकर दो कंपनियों से कुल ₹2.93 करोड़ ट्रांसफर कराने का मामला सामने आया है. पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने अधिकृत लोगों के नाम और प्रोफाइल फोटो का इस्तेमाल कर अकाउंटेंट्स को संदेश भेजे और बैंक खातों से रकम दूसरे खातों में भेजने को कहा. दोनों मामलों में पुलिस ने महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश से पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है.
टिकरापारा में ₹93 लाख की ठगी
कमल विहार निवासी विजय राठी की कंपनी राठी बंधुस कमर्शियल प्राइवेट लिमिटेड के अकाउंटेंट लेखराम चक्रधारी को 19 से 21 अक्टूबर 2026 के बीच WhatsApp संदेश मिले. पुलिस के अनुसार, संदेश राठी के नाम और प्रोफाइल फोटो का इस्तेमाल कर भेजे गए थे. इसके बाद कंपनी के यूनियन बैंक ऑफ इंडिया खाते से ₹93 लाख दूसरे खाते में ट्रांसफर किए गए. इस मामले में टिकरापारा थाने में केस दर्ज हुआ.
पुलिस ने महाराष्ट्र के ठाणे जिले के उल्हासनगर से आकाश कन्हैया लाल चुथ (20), साहिल रमेश नथानी (23) और राज चन्दर लाल जुमानी (23) को गिरफ्तार किया. इनके पास से ₹25 हजार नकद, छह मोबाइल फोन, तीन एटीएम कार्ड और तीन पासबुक जब्त किए गए हैं.
तेलीबांधा मामले में ₹2 करोड़ ट्रांसफर
ट्रांसफॉर्मर एंड ट्रांसमिशन लिमिटेड के CFO ओमकार वरु की शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने कंपनी के अधिकृत व्यक्ति अंशुल शर्मा की पहचान का इस्तेमाल कर अकाउंटेंट बिरेश तिवारी को संदेश भेजे. इसके बाद बैंक ऑफ बड़ौदा की पंडरी शाखा स्थित कंपनी के खाते से टी-के कंस्ट्रक्शन के खाते में ₹2 करोड़ ऑनलाइन भेजे गए.
इस मामले में पुलिस ने प्रयागराज से विनय श्रीवास्तव (47) और विनोद कुमार (49) को गिरफ्तार किया. पुलिस के मुताबिक, दोनों को प्रयागराज कोर्ट से जमानत मिली है और उन्हें आगे की जांच के लिए रायपुर लाने की प्रक्रिया चल रही है. एक अन्य आरोपी को रायपुर में उपस्थित होने का नोटिस दिया गया है.
₹1.38 करोड़ की रकम होल्ड
पुलिस ने बैंक अधिकारियों के समन्वय से दोनों मामलों में ₹1.38 करोड़ होल्ड कराए हैं. इसमें टिकरापारा मामले के ₹24 लाख और तेलीबांधा मामले के ₹1.14 करोड़ शामिल हैं. पुलिस के अनुसार, टिकरापारा मामले में गिरफ्तार तीनों आरोपियों की तेलीबांधा की ठगी में भी संलिप्तता सामने आई है. जब्त मोबाइल फोन की तकनीकी जांच और पूछताछ से अन्य आरोपियों तथा रकम के लेन-देन से जुड़े खातों की जानकारी जुटाई जा रही है.
