रायपुर में एक महिला डॉक्टर ने पति और ससुराल के तीन अन्य सदस्यों के खिलाफ दहेज प्रताड़ना, मारपीट और आर्थिक शोषण का आरोप लगाते हुए महिला थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है. पुलिस ने पति शुभ शर्मा, ससुर संजय शर्मा, सास स्मृति शर्मा और पति के नाना दशरथलाल तिवारी के खिलाफ अपराध दर्ज किया है. आरोपों की जांच जारी है.

शादी के बाद दहेज को लेकर दबाव का आरोप

एफआईआर के अनुसार, महिला की शादी 27 नवंबर 2024 को महाराष्ट्र के रामटेक में हुई थी. महिला का कहना है कि शादी में उसके पिता ने i20 कार और सोने-चांदी के आभूषण दिए थे. इसके बावजूद शादी के दो दिन बाद से ही उसे पुरानी कार और कम सोना लाने के ताने दिए जाने लगे. आरोप है कि मायके से और पैसे तथा सोना लाने का दबाव बनाया जाता था. विरोध करने पर पति गाली-गलौज और मारपीट करता था.

महिला ने दिसंबर 2024 में वियतनाम हनीमून के दौरान भी मारपीट का आरोप लगाया है. उसके मुताबिक, दूसरी महिलाओं से मसाज कराने पर आपत्ति जताने के बाद पति ने उसके साथ मारपीट की और कथित तौर पर कहा कि उसने पैसों के लिए शादी की है.

UPI के इस्तेमाल और बच्चे की बीमारी का मामला

महिला का आरोप है कि दिसंबर 2024 से मार्च 2025 के बीच पति ने उसकी जानकारी और सहमति के बिना मोबाइल UPI का इस्तेमाल कर अपने क्रेडिट कार्ड के बिल चुकाए और महंगे सामान मंगवाए. अप्रैल 2025 में वह मायके चली गई और बाद में बेंगलुरु में नौकरी करने लगी. उसकी मासिक आय ढाई से तीन लाख रुपये बताई गई है. आरोप है कि वहां भी UPI के दुरुपयोग और प्रताड़ना का सिलसिला जारी रहा.

महिला के अनुसार, गर्भावस्था के दौरान बच्चे में गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं की जानकारी मिलने के बाद पति ने उसका साथ छोड़ दिया. 7 जून 2026 को बेंगलुरु में बच्चे का जन्म हुआ और स्वास्थ्य जटिलताओं के कारण उसे ICU में रखना पड़ा. महिला का आरोप है कि पति और ससुराल वालों ने मां-बेटे की देखभाल नहीं की. 27 सितंबर को महिला थाने में आवेदन के बाद काउंसलिंग कराई गई, लेकिन बातचीत विफल रहने पर एफआईआर दर्ज की गई.