कबीरधाम जिले से बेटे की दुर्घटना में मौत की मुआवजा राशि लेने रायपुर आई एक महिला के पर्स से ₹1.60 लाख नकद गायब हो गए. महिला ने न्यायालय परिसर स्थित पंजाब नेशनल बैंक से रकम निकाली थी. भनपुरी चौक पहुंचने के बाद पर्स देखने पर उसे नकदी गायब मिली. शिकायत के आधार पर सिविल लाइंस पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की है.
पुलिस के मुताबिक, कबीरधाम जिले के ग्राम महाराजपुर निवासी ममता तिवारी स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत हैं. वह 10 सितंबर को अपने पति खेदन तिवारी के साथ मुआवजा राशि लेने रायपुर न्यायालय पहुंची थीं. न्यायालय का काम पूरा करने के बाद उन्होंने परिसर स्थित बैंक से ₹1.60 लाख निकाले.
ई-रिक्शा और ऑटो से भनपुरी पहुंचीं
बैंक से रकम निकालने के बाद शाम करीब 4 बजे दंपती मल्टीलेवल पार्किंग के पास छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा तक पहुंचे. वहां से ई-रिक्शा लेकर फाफाडीह चौक गए और फिर दूसरे ऑटो से भनपुरी चौक पहुंचे. भनपुरी में ममता ने पर्स चेक किया तो पूरी नकदी गायब थी. उन्होंने पति और अधिवक्ता निरंजन साहू को इसकी जानकारी दी.
महिला ने आशंका जताई कि ऑटो में सफर के दौरान किसी ने मौका देखकर पर्स से रकम निकाल ली. पुलिस न्यायालय परिसर स्थित बैंक से फाफाडीह और भनपुरी तक के रास्ते के CCTV फुटेज खंगाल रही है. दोनों ऑटो चालकों से पूछताछ की जाएगी. जांच में यह भी देखा जा रहा है कि बैंक से निकलने के बाद कोई संदिग्ध महिला का पीछा तो नहीं कर रहा था.
