रायपुर के माना थाना क्षेत्र में रविवार रात एक महिला पर पेट्रोल डालकर आग लगाने का मामला सामने आया है. पुलिस के मुताबिक, आरोपी वीरू धीवर ने राजकुमारी साहू को कथित तौर पर आग लगा दी. आसपास मौजूद लोगों ने आग बुझाकर महिला को अस्पताल पहुंचाया. उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है और मेकाहारा अस्पताल में इलाज जारी है.

राजकुमारी साहू आरंग की रहने वाली हैं. पुलिस के अनुसार, उनका और वीरू धीवर का पहले से संबंध था. घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया. पुलिस ने पीड़िता के बयान और अब तक सामने आए तथ्यों के आधार पर आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास की धाराओं में मामला दर्ज किया है. आरोपी की गिरफ्तारी अभी नहीं हुई है.

लोगों ने आग बुझाकर अस्पताल पहुंचाया

घटना के दौरान राजकुमारी आग की लपटों में घिर गईं और मदद के लिए शोर मचाया. आवाज सुनकर आसपास के लोग पहुंचे और किसी तरह आग बुझाई. पुलिस के अनुसार, उनके शरीर के कई हिस्से झुलसे हैं. डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार चल रहा है.

पुलिस आरोपी के संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है. घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग भी खंगाली जा रही है, ताकि घटना के समय मौजूद लोगों और आरोपी के भागने की दिशा का पता लगाया जा सके.

पुराने मामले का भी पुलिस ने किया उल्लेख

ASP अभिषेक झा के अनुसार, वीरू धीवर और राजकुमारी साहू के बीच 2021 से पहले से संबंध थे. पुलिस ने बताया कि इसी साल आरंग थाने में एक मामला दर्ज हुआ था, जिसमें आरोपी पर राजकुमारी की सास पर फावड़े से हमला करने का आरोप था. इस मामले में धारा 307 के तहत केस दर्ज किया गया था.

पुलिस के मुताबिक, उस घटना के बाद राजकुमारी और उनके पति अलग-अलग रह रहे थे. मौजूदा मामले की स्पष्ट वजह अभी सामने नहीं आई है. पुलिस जांच और आरोपी की तलाश जारी है.