रायपुर में प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय के महिला संगठन शिवशक्ति लीडरशिप एप्रोच (SSLA) की ओर से ‘करुणामय शिवशक्ति नेतृत्व—शांति ही शक्ति है’ विषय पर कार्यशाला आयोजित की गई. कार्यक्रम की शुरुआत छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. ममता साहू, माउंट आबू की वरिष्ठ राजयोग शिक्षिका डॉ. सुनीता दीदी और रायपुर संचालिका ब्रह्माकुमारी सविता दीदी समेत अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर की.
ब्रह्माकुमारी संस्था की संयुक्त मुख्य प्रशासिका ब्रह्माकुमारी सुदेश दीदी ने वीडियो संदेश के जरिए शांति का महत्व बताया. उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति को अपने मन में शांति का भाव विकसित करना चाहिए. उन्होंने सकारात्मक सोच, शिक्षा, दूसरों को स्वीकार करने, शांत रहने और सहजता को शांति के गुणों से जोड़ा.
डॉ. ममता साहू ने कहा कि शांति जीवन की बड़ी ताकत है और इसके जरिए कठिन परिस्थितियों का सामना आसान हो सकता है. उन्होंने ऐसे कार्यक्रमों को लोगों को भीतर से मजबूत बनाने वाला बताया.
ध्यान और अनुभव साझा करने की गतिविधियां
डॉ. सुनीता दीदी ने महिलाओं को उन घटनाओं को याद करने के लिए कहा, जिनमें उन्हें गुस्सा आया या बदला लेने का विचार आया था. इसके बाद ध्यान के माध्यम से शांति बनाए रखने का अभ्यास कराया गया. रोप एक्टिविटी में महिलाओं ने बताया कि शांति का अभ्यास उन्हें क्षमा, समझ और करुणा के साथ व्यवहार करने की ताकत देता है.
कार्यक्रम में स्वागत नृत्य कु. शिवानी और कु. शीतल ने प्रस्तुत किया. संचालन ब्रह्माकुमारी सौम्या दीदी ने किया. अलग-अलग क्षेत्रों से जुड़ी महिलाओं ने शांति, सकारात्मक सोच और बेहतर नेतृत्व पर अपने अनुभव साझा किए.
