रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने गलत या तकनीकी त्रुटि के कारण जारी हुए ई-चालान पर आपत्ति दर्ज कराने के लिए शिकायत निवारण व्यवस्था लागू की है. वाहन मालिक चालान जारी होने की तारीख से 45 दिनों के भीतर अपनी शिकायत ऑनलाइन या ऑफलाइन दर्ज करा सकेंगे.
यातायात पुलिस के अनुसार, नंबर प्लेट की गलत पहचान, कैमरे या अन्य तकनीकी खामी और वाहन चालक की मौके पर मौजूदगी के बिना चालान जारी होने जैसी स्थितियों में आपत्ति की जा सकती है. निर्धारित समयसीमा में मिलने वाली शिकायतों की तकनीकी और जमीनी स्तर पर जांच की जाएगी.
जांच में शिकायत सही पाए जाने पर नियमानुसार चालान को निरस्त या संशोधित करने की कार्रवाई की जा सकती है. शिकायतों की सुनवाई और निगरानी के लिए अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (यातायात) को अधिकृत शिकायत निवारण अधिकारी नियुक्त किया गया है. अधिकारी शिकायत से जुड़े दोनों पक्षों के साक्ष्यों की समीक्षा के बाद निर्णय लेंगे.
ऐसे दर्ज करा सकते हैं आपत्ति
ऑनलाइन शिकायत के लिए नागरिक केंद्र सरकार के NextGen e-Challan पोर्टल का इस्तेमाल कर सकते हैं. ऑफलाइन आवेदन देने के लिए कालीबाड़ी चौक स्थित यातायात मुख्यालय में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (यातायात) के कार्यालय से संपर्क करना होगा.
शिकायत की प्रक्रिया, मार्गदर्शन या स्थिति जानने के लिए 0771-4247108 और 9479299814 पर संपर्क किया जा सकता है. यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे 45 दिन की समयसीमा का ध्यान रखें और तकनीकी विसंगति होने पर समय रहते आपत्ति दर्ज करें.
