रायपुर के कृषि मंडपम में 28 से 30 सितंबर तक छत्तीसगढ़ यूथ इनोवेशन एंड एंटरप्रेन्योरशिप कॉन्क्लेव 2026 आयोजित किया जाएगा. सम्मेलन में देशभर से 1000 से अधिक उद्यमी, नवाचारकर्ता, शोधकर्ता, विद्यार्थी, निवेशक और उद्योग प्रतिनिधि शामिल होंगे. कार्यक्रम में विशेषज्ञ सत्रों के साथ स्टार्टअप पिचिंग तथा नवाचार और स्टार्टअप प्रदर्शनी भी होगी.
28 सितंबर को इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय परिसर में नवनिर्मित सुभाष चंद्र बोस बायोटेक्नोलॉजी इनक्यूबेशन सेंटर का लोकार्पण किया जाएगा. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, राज्यपाल रामेन डेका केंद्र का उद्घाटन करेंगे. कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और कृषि मंत्री रामविचार नेताम की मौजूदगी प्रस्तावित है.
बायोटेक स्टार्टअप को मिलेंगी सुविधाएं
छत्तीसगढ़ बायोटेक प्रमोशन सोसाइटी ने इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के सहयोग से करीब दो एकड़ क्षेत्र में यह केंद्र तैयार किया है. यहां हाईटेक प्रयोगशालाओं के अलावा BSL-3 सुविधा, एनालिटिकल और टेस्टिंग सुविधाएं, किट एवं तकनीक विकास इकाइयां, वेस्ट ट्रीटमेंट सिस्टम तथा को-वर्किंग और इनक्यूबेशन स्पेस बनाए गए हैं.
केंद्र का उद्देश्य ‘लैब से टेक्नोलॉजी और टेक्नोलॉजी से उद्यम’ की दिशा में काम करना है. एग्री-बायोटेक्नोलॉजी, बायोफर्टिलाइजर, बायोकंट्रोल एजेंट्स, हेल्थ एवं डायग्नोस्टिक्स, फूड और पर्यावरणीय जैव-प्रौद्योगिकी से जुड़े स्टार्टअप, शोधकर्ताओं और उद्यमियों को यहां लैब सुविधा, प्रशिक्षण, मेंटरिंग, परीक्षण और तकनीकी मार्गदर्शन दिया जाएगा. युवा वैज्ञानिकों, विद्यार्थियों, नए स्नातकों और उभरते उद्यमियों को अपने विचारों को उत्पाद, तकनीक और उद्यम में बदलने के लिए सहायता मिलेगी.
