रायपुर के मठपारा स्थित दूधाधारी मठ मंदिर के पास एक युवक से मारपीट कर मोबाइल लूटने का मामला सामने आया है. शिकायतकर्ता चंदन दाहिया ने आरोप लगाया है कि तीन युवकों ने उसे त्रिशूल दिखाकर जान से मारने की धमकी दी और हाथ-मुक्के से मारपीट करने के बाद उसका मोबाइल ले लिया. पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है.
शिकायत के मुताबिक, घटना 10 सितंबर की सुबह करीब 10 बजे हुई. चंदन दाहिया सतना जिले के ग्राम सेमरवरा का रहने वाला है और निजी कार चालक है. वह अल्टो कार से अरुण जोशी और शारदा जोशी को पन्ना टिगड़िया से रायपुर के दूधाधारी मठ मंदिर लेकर पहुंचा था.
चंदन का कहना है कि मंदिर के पास उसे लवकुश जोशी, अजीत जोशी और नीरज जोशी मिले. वह तीनों को पहले से जानता था और उनके यहां वाहन चला चुका था. आरोप है कि युवकों ने उससे विवाद करते हुए गाली-गलौज की. इसके बाद जान से मारने की धमकी दी, त्रिशूल दिखाकर डराया और मारपीट की.
शिकायतकर्ता के अनुसार, आरोपी उसकी जेब में रखा करीब 10 हजार रुपये का मोबाइल लेकर गाड़ी से फरार हो गए. घटना के बाद वह काम के सिलसिले में सतना चला गया था. 20 सितंबर को रायपुर लौटने के बाद उसने थाने में शिकायत दर्ज कराई. मामले में आरोपों की जांच जारी है.
