रायपुर में एक युवक की हत्या के बाद शव को मेनहोल में छिपाने का मामला सामने आया है. पुलिस ने मामले में दो संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है. मृतक की पहचान निरंजन पाल के रूप में बताई गई है.

उपलब्ध जानकारी के अनुसार, परिजनों ने तेलीबांधा थाने में युवक के अपहरण की शिकायत दर्ज कराई थी. इसके बाद पुलिस को युवक का शव कमल विहार के कौशल्या माता विहार स्थित सेक्टर-13 के एक सुनसान इलाके में मिला. आरोप है कि युवक को काशीराम नगर क्षेत्र से ले जाकर वहां उसकी गला दबाकर हत्या की गई.

पुलिस के अनुसार, वारदात के बाद मृतक के कपड़े उतारकर जलाए गए और शव को मेनहोल में डालकर ढक्कन बंद कर दिया गया. युवक की बाइक को भी ठिकाने लगाने की कोशिश की गई. बाइक मुजगहन थाना क्षेत्र में नदी से बरामद होने की जानकारी है.

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस टीम के साथ वरिष्ठ अधिकारी और फॉरेंसिक साइंस लैबोरेटरी (FSL) की टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने संदेहियों से पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर मेनहोल से शव बरामद किया.

प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे पुरानी रंजिश की आशंका जताई जा रही है, लेकिन पुलिस ने अभी कारण की अंतिम पुष्टि नहीं की है. तेलीबांधा थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है और हिरासत में लिए गए दोनों लोगों से पूछताछ जारी है.