रायपुर में बुधवार शाम माना स्थित बाल संप्रेक्षण गृह के बाहर 18 वर्षीय युवक सावन सेन की चाकू मारकर हत्या कर दी गई. पुलिस ने मामले में तीन विधि से संघर्षरत बालकों को अभिरक्षा में लिया है. पुलिस के अनुसार, हमला पुरानी रंजिश के चलते किया गया.
सावन सेन अश्विनी नगर, पुरानी बस्ती का निवासी था. पुलिस के मुताबिक, वह बुधवार शाम करीब चार बजे परिवार के छह सदस्यों के साथ माना बाल संप्रेक्षण गृह पहुंचा था. वहां हत्या के एक पुराने मामले में निरुद्ध एक अपचारी से मुलाकात के बाद जब वह बाहर निकला, तभी तीन नाबालिगों ने उसे घेरकर चाकू से हमला कर दिया.
हमले की सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम और माना थाना पुलिस मौके पर पहुंची. घायल सावन को पुलिस की मदद से मेकाहारा अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
तीन महीने पुराने विवाद का जिक्र
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में तीनों बालकों ने करीब तीन महीने पहले हुए एक हमले का बदला लेने की बात बताई. पुलिस का कहना है कि पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र में सावन ने उनमें से एक पर चाकू से हमला किया था. इसी घटना के बाद दोनों पक्षों के बीच रंजिश चल रही थी.
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों को सावन के माना पहुंचने की जानकारी मिली थी, जिसके बाद उन्होंने हमला किया. मामले की जांच जारी है. नाबालिग होने के कारण आरोपियों की पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है.
