रायपुर के विमतारा सभागार में वक्ता मंच और जन एकता फाउंडेशन की ओर से युवा अभिव्यक्ति समारोह आयोजित किया गया. कार्यक्रम में राजधानी और आसपास के क्षेत्रों में अलग-अलग क्षेत्रों में काम कर रहे 50 युवाओं को युवा गौरव सम्मान दिया गया.

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि उपसंचालक (वित्त) श्रद्धा सुमन एक्का थीं. वरिष्ठ साहित्यकार राजेंद्र शर्मा ने अध्यक्षता की. मेकाहारा अधीक्षक डॉ. संतोष सोनकर, डॉ. अंशुली कलश और डॉ. उपेंद्र त्रिवेदी विशेष अतिथि के रूप में शामिल हुए.

विभिन्न क्षेत्रों के युवाओं का सम्मान

वक्ता मंच के अध्यक्ष राजेश पराते के अनुसार, सम्मान के लिए जल संरक्षण, लोक कला, जैव विविधता संरक्षण, रक्तदान, छत्तीसगढ़ी भाषा, खेल, लेखन, पत्रकारिता, शिक्षा और चिकित्सा सहित कई क्षेत्रों में काम कर रहे युवाओं का चयन किया गया. सम्मान पाने वालों में डॉ. दीप श्री अग्रवाल, डॉ. अनुराग विश्वकर्मा, दिनेश यदु, डॉ. वैभव बेमेतरिहा, देव हीरा लहरी, श्रुति संघी जैन, यामिनी धीवर, खिलेश साहू, डॉ. अजय त्रिपाठी और ऋतुराज साहू शामिल हैं.

समारोह में युवाओं के काम, उपलब्धियों और चुनौतियों पर प्रस्तुतियां भी हुईं. डॉ. अनुराग सिंह विश्वकर्मा ने जैव और वन संरक्षण, ऐश्वर्या पाठक ने खेल, डॉ. वैभव बेमेतरिहा ने जल संरक्षण, डॉ. अर्चना तुपट ने साहित्य और अमित कुमार चौहान ने मीडिया अध्ययन से जुड़े कार्यों की जानकारी दी.

कार्यक्रम की शुरुआत प्रांजल सिंह राजपूत के भरथरी गायन और खेम यादव के छत्तीसगढ़ी लोकगीत से हुई. प्रणम तिवारी ने कत्थक नृत्य प्रस्तुत किया. सारंगढ़ के युवा कवि विजय कोसले के काव्य संग्रह ‘आईना’ का विमोचन भी किया गया और उन्होंने अपनी कविताओं का पाठ किया.

समारोह के अंत में प्रदेशभर में नशे की रोकथाम के लिए स्वैच्छिक प्रयास तेज करने का संकल्प लिया गया. श्रद्धा सुमन एक्का ने कहा कि युवाओं का सम्मान देश की ताकत का सम्मान है.