रायपुर जिले में युवा उत्सव 2026-27 के लिए पंजीयन शुरू हो गया है. खेल एवं युवा कल्याण विभाग की ओर से आयोजित होने वाले इस उत्सव में 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवा भाग ले सकेंगे. पंजीयन कराने की अंतिम तारीख 16 अक्टूबर तय की गई है.
युवा उत्सव का आयोजन जिला और राज्य स्तर पर किया जाएगा. जिला स्तरीय प्रतियोगिता में विजेता प्रतिभागियों को राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा. विभाग ने कला, संस्कृति और अन्य रचनात्मक गतिविधियों से जुड़े युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में पंजीयन कराने की अपील की है.
इन विधाओं में ले सकेंगे हिस्सा
प्रतियोगिता में लोकनृत्य, लोकगीत, चित्रकला, कविता लेखन, नुक्कड़ नाटक और पारंपरिक वेशभूषा जैसी विधाएं शामिल हैं. इसके अलावा रॉकबैंड, क्रिएटिव यूथ रील चैलेंज और विकसित भारत चैलेंज ट्रैक में भी प्रतिभागी हिस्सा ले सकेंगे. रॉकबैंड प्रतियोगिता केवल राज्य स्तर पर आयोजित होगी.
आरंग, अभनपुर, तिल्दा और धरसींवा विकासखंड के कलाकार संबंधित जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी कार्यालय में पंजीयन करा सकते हैं. उत्सव से जुड़ी विस्तृत जानकारी जिला रायपुर के खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सहायक संचालक कार्यालय से कार्यालयीन समय में ली जा सकती है. वरिष्ठ प्रशिक्षक टी.एन. रेड्डी से 9424214947 पर भी संपर्क किया जा सकता है.
