रायपुर के पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में सीआईआई की युवा इकाई ‘यंग इंडियंस’ (Yi) का एक दिवसीय वार्षिक सम्मेलन ‘युवा उत्सव 5.0’ आयोजित किया गया. ‘वन भारत स्पिरिट’ की थीम पर हुए इस कार्यक्रम में 2000 से अधिक छात्र-छात्राओं और युवाओं ने हिस्सा लिया. सम्मेलन में नीति-निर्माताओं, उद्योगपतियों, निवेशकों और यूनिकॉर्न संस्थापकों ने नवाचार और उद्यमशीलता से जुड़े विषयों पर चर्चा की.

एआई और युवा नेतृत्व पर जोर

समापन सत्र में छत्तीसगढ़ के उप-मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि युवा ऊर्जा और आधुनिक तकनीक के मेल से समाज की जटिल समस्याओं का समाधान किया जा सकता है. उन्होंने युवाओं से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसी उभरती तकनीकों को अपनाने और छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय तथा वैश्विक स्तर पर स्थापित करने का आह्वान किया.

सीआईआई छत्तीसगढ़ राज्य परिषद के अध्यक्ष और बजरंग पावर एंड इस्पात लिमिटेड के निदेशक बजरंग गोयल ने कहा कि औद्योगिक प्रतिस्पर्धा के लिए युवाओं को उद्योग की वास्तविक जरूरतों से जोड़ना जरूरी है. Yi रायपुर के चेयरमैन पंकज सोमानी ने बताया कि सम्मेलन का उद्देश्य युवाओं को पूंजी निवेश, एआई और सफल उद्यम खड़ा करने के लिए प्रेरित करना था.

कार्यक्रम के पहले सत्र ‘द यंग कैपिटलिस्ट’ में सुऐश्वर्या गोयल, अभिनव जैन और अभिषेक जायसवाल ने पूंजी प्रबंधन और कारोबार विस्तार पर मार्गदर्शन दिया. प्रेरक वक्ता राहुल कपूर ने नेतृत्व क्षमता पर सत्र लिया.

इसके बाद एआई रेल्म टेक्नोलॉजीज के संस्थापक राउल जॉन अजू ने ‘फ्यूचर ऑफ एआई’ विषय पर बात की. ‘यूनिकॉर्न माइंडसेट’ सत्र में अर्जुन वैद्य, कुशल अग्रवाल और सुसृष्टि तनवानी ने स्टार्टअप विस्तार के अनुभव साझा किए. सम्मेलन का समापन निष्कर्ष, धन्यवाद ज्ञापन, सहयोगी संस्थाओं के सम्मान और संगीत प्रस्तुति के साथ हुआ.