गरियाबंद जिले के राजिम क्षेत्र के ग्राम देवरी में ऋषि पंचमी के अवसर पर सांवरा समाज ने सर्प पूजा और शोभायात्रा का आयोजन किया. पूजा के बाद दर्जनों जहरीले सांपों को शामिल कर गांव में यात्रा निकाली गई. ढोल-नगाड़ों, पारंपरिक वेशभूषा और धार्मिक माहौल के बीच निकली शोभायात्रा को देखने के लिए गांव की सड़कों पर बड़ी संख्या में लोग जुटे.
सांवरा समाज के अनुसार, देवरी में यह परंपरा वर्षों से निभाई जा रही है. ऋषि पंचमी के दिन सर्पों को पूजनीय मानकर विधि-विधान से पूजा की जाती है. आयोजन देखने के लिए आसपास के गांवों और दूर-दराज के क्षेत्रों से भी लोग पहुंचते हैं. बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक में शोभायात्रा को लेकर उत्सुकता देखी गई.
सर्पदंश से बचाव का संदेश
आयोजन का उद्देश्य केवल धार्मिक परंपरा निभाना नहीं, बल्कि ग्रामीणों को सर्पदंश से बचाव और उचित उपचार के बारे में जागरूक करना भी है. समाज की ओर से लोगों को सर्पों से जुड़ी जानकारी दी जाती है और सर्पदंश की स्थिति में घबराने के बजाय सही उपचार कराने का संदेश दिया जाता है.
गांव की गुरु सांवरा पाठशाला में वर्षभर सर्पदंश उपचार से संबंधित प्रशिक्षण दिए जाने की बात भी सामने आई. ऋषि पंचमी के अवसर पर इस प्रशिक्षण का दीक्षांत समारोह आयोजित किया गया और प्रशिक्षण लेने वालों को प्रमाण-पत्र दिए गए.
समाज की परंपरा के मुताबिक, पूजा और धार्मिक कार्यक्रम पूरा होने के बाद सर्पों को वापस जंगल में छोड़ दिया जाता है. इस तरह आयोजन में धार्मिक आस्था के साथ उनके प्राकृतिक आवास और वन्यजीव संरक्षण का संदेश भी जोड़ा गया है.
