छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले के राजिम नगर पालिका के वार्ड नंबर 1 में रहने वाले 35 से अधिक मजदूर परिवारों ने जमीन का पट्टा देने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया. हाल में आई बाढ़ से कच्चे मकानों और घरेलू सामान को नुकसान पहुंचने के बाद लोगों ने पहले नेशनल हाईवे-130C जाम किया और फिर राजिम विधायक रोहित साहू के आवास का घेराव किया.
प्रदर्शन के दौरान लोगों ने विधायक की गाड़ी रोकने की कोशिश की. इस पर सुरक्षा जवानों और प्रदर्शनकारियों के बीच झूमाझटकी की स्थिति बनी. सुरक्षा कर्मियों ने विधायक की गाड़ी को वहां से आगे निकलवाया. प्रदर्शन में महिलाओं की संख्या अधिक रही.
करीब 10 साल से पट्टे की मांग
प्रभावित परिवारों का कहना है कि वे लगभग 10 साल से जमीन का पट्टा देने की मांग कर रहे हैं. इसके लिए वे अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से कई बार मिल चुके हैं. उनका दावा है कि पट्टा नहीं होने के कारण उन्हें सरकारी आवास जैसी योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है.
वार्डवासियों के अनुसार, करीब चार दिन पहले इलाके में 6 से 7 फीट तक पानी भर गया था. इससे कच्चे मकान और घर का सामान खराब हो गया. इसके बाद एक दिन पहले लोगों ने हाईवे जाम किया था. मौके पर पहुंचे एसीएम विशाल महाराणा ने समझाइश देकर जाम खुलवाया था, लेकिन अगले दिन लोगों ने विधायक आवास का घेराव किया.
विधायक रोहित साहू ने कहा कि यह मांग पुरानी है. उनके अनुसार, सर्वे और आकलन में जमीन श्मशान घाट मद में दर्ज मिली है, इसलिए पट्टा देने की प्रक्रिया रुकी हुई है. उन्होंने कहा कि प्रशासन से नियमानुसार कार्रवाई के लिए लगातार कहा गया है और वार्डवासियों से घेराव नहीं करने की अपील की.
