छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में 10वीं बोर्ड परीक्षा के परिणाम से जुड़ी शिकायत लेकर एक छात्रा और उसके परिजन कलेक्ट्रेट पहुंचे. उपरवाह गांव निवासी परिवार का आरोप है कि भारती साहू ने 2023 की बोर्ड परीक्षा में सभी विषयों की परीक्षा दी थी, लेकिन परिणाम में एक विषय के सामने उसे अनुपस्थित दिखाकर फेल कर दिया गया.
परिजनों के मुताबिक, भारती इंग्लिश विषय के प्रोजेक्ट में भी उपस्थित थी. छात्रा के पिता मिथिलेश साहू ने शिकायत में कहा है कि स्कूल के परीक्षा प्रभारी और संबंधित शिक्षकों की ओर से माध्यमिक शिक्षा मंडल, रायपुर को छात्रा की उपस्थिति की गलत जानकारी भेजी गई.
दोबारा परीक्षा के बाद भी परिणाम में सप्लीमेंट्री
परिवार का कहना है कि मामले की जानकारी स्कूल को देने के बाद उन्हें परिणाम सुधारने का आश्वासन दिया गया. शिकायत के अनुसार, छात्रा से सप्लीमेंट्री परीक्षा का फॉर्म भरवाया गया और दोबारा पूरक परीक्षा दिलाई गई. इसके बाद परिणाम में छात्रा को पास तो दिखाया गया, लेकिन उसके रिकॉर्ड में सप्लीमेंट्री दर्ज रही.
परिजनों ने कहा है कि जब छात्रा मूल बोर्ड परीक्षा में उपस्थित थी, तो उसे उसी परीक्षा के वास्तविक अंकों के आधार पर परिणाम और अंकसूची मिलनी चाहिए थी. परिवार का आरोप है कि इस प्रक्रिया में करीब तीन साल तक उन्हें आश्वासन मिलता रहा और छात्रा मानसिक रूप से परेशान हुई.
स्कूल की प्रिंसिपल निखिला वर्मा ने बताया कि परीक्षा में भारती साहू नाम की तीन छात्राएं शामिल थीं. उनके अनुसार, इसी वजह से रिकॉर्ड में भ्रम की स्थिति बनी हो सकती है. हालांकि, शिकायत में परिवार ने पूरे रिकॉर्ड की जांच कर जिम्मेदारी तय करने की मांग की है.
परिजन डोंगरगढ़ विधायक हर्षिता बघेल के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचे. विधायक ने मामले की निष्पक्ष जांच और छात्रा को समय पर न्याय देने की मांग की. उन्होंने कहा कि कथित लापरवाही से छात्रा का भविष्य प्रभावित हुआ है.
जिला शिक्षा अधिकारी प्रवास सिंह बघेल ने मामले में कार्रवाई की बात कही है. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, छात्रा की संशोधित अंकसूची जारी करने के लिए माध्यमिक शिक्षा मंडल को पत्र लिखा गया है. अधिकारी ने कहा कि 2023 की परीक्षा से जुड़े रिकॉर्ड और रिपोर्ट के आधार पर स्थिति स्पष्ट की जाएगी तथा जिम्मेदार कर्मचारियों पर आगे कार्रवाई होगी.
