राजनांदगांव जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होने के बाद प्रशासन ने 15 से 21 नवंबर के बीच अवैध धान से जुड़े 27 प्रकरण दर्ज किए. इन मामलों में कुल 2265.50 क्विंटल धान जब्त किया गया. कार्रवाई के दौरान तीन वाहन और 5260 कट्टा बारदाना भी कब्जे में लिया गया.

प्रशासन को आशंका है कि महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश समेत दूसरे जिलों या राज्यों से धान लाकर स्थानीय किसानों के नाम पर समर्थन मूल्य पर खपाने की कोशिश की जा सकती है. जांच में अवैध भंडारण, पोहा उद्योगों में निर्धारित सीमा से अधिक धान रखने और उपार्जन केंद्रों पर रबी फसल का धान बेचने के प्रयास सामने आए.

खरीदी के पहले दिन पदुमतरा उपार्जन केंद्र पर ग्राम बासुला का एक किसान दूसरे व्यक्ति का 36 क्विंटल धान बेचने पहुंचा. भौतिक सत्यापन में उसके खेत में फसल खड़ी मिली, जिसके बाद धान जब्त किया गया.

सीमावर्ती पाटेकोहरा बैरियर पर 17 नवंबर को दस्तावेज नहीं मिलने पर दो वाहनों से 595.40 क्विंटल धान जब्त किया गया. इसके बाद 19 नवंबर को महाराष्ट्र से अवैध रूप से लाए जा रहे 330.50 क्विंटल धान को एक वाहन से पकड़ा गया.

छह जांच चौकियों पर निगरानी

दूसरे राज्यों से धान की आवाजाही रोकने के लिए प्रशासन ने तीन अंतरराज्यीय और तीन अंतरजिला जांच चौकियां तैयार की हैं. सीमावर्ती उपार्जन केंद्रों की निगरानी की जिम्मेदारी तहसीलदारों को दी गई है. राजस्व, खाद्य और मंडी विभाग के कर्मचारी भंडारण, परिवहन और खरीदी केंद्रों पर धान की आवक की जांच कर रहे हैं.