राजनांदगांव जिले के ठेलकाडीह थाना क्षेत्र के घोंघेडबरी गांव में रविवार सुबह मधुमक्खियों के हमले के बाद एक बुजुर्ग की मौत हो गई. घटना में उनकी बेटी और नातिन भी घायल हुई हैं.
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, ग्राम भनपुरी निवासी माखन वर्मा अपनी बेटी बोधंतिन वर्मा के घर घोंघेडबरी आए थे. रविवार करीब 11 बजे वे बेटी और नातिन के साथ धान की फसल पर यूरिया और खाद का छिड़काव करने खेत पहुंचे थे. इसी दौरान मधुमक्खियों के झुंड ने तीनों पर हमला कर दिया.
हमले से बचने के लिए भागते समय माखन वर्मा धान के खेत में गिर गए. बाद में उनका शव खेत में पानी के बीच मिला. बेटी और नातिन को भी मधुमक्खियों ने डंक मारे.
पुलिस के मुताबिक, बुजुर्ग की मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगी. फिलहाल उपलब्ध जानकारी के आधार पर यह निश्चित नहीं कहा गया है कि मौत सीधे मधुमक्खियों के डंक से हुई या खेत में गिरने से.
