राजनांदगांव में साइबर सेल और बसंतपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने बाइक चोरी से जुड़े एक कथित अंतरजिला गिरोह का खुलासा करने का दावा किया है. पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. उनके कब्जे और निशानदेही पर सात मोटरसाइकिल, दो फर्जी रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट (RC) और एक फर्जी नंबर प्लेट बरामद की गई है.

पुलिस के मुताबिक, 6 सितंबर को साइंस कॉलेज परिसर में पद्मश्री गोविंदराम निर्मलकर ऑडिटोरियम के पास से शिकारीमहका निवासी जयकुमार सिन्हा की HF Deluxe बाइक चोरी हुई थी. बाइक का नंबर CG 08 W 7699 बताया गया है. शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की.

जांच के दौरान साइबर सेल ने घटनास्थल और आसपास के CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली. तकनीकी जानकारी के आधार पर पुलिस ने बालोद जिले के परसतरई निवासी देवाशीष गजेंद्र (30) को हिरासत में लेकर पूछताछ की. पुलिस का कहना है कि पूछताछ में उसने राजनांदगांव, दुर्ग और बालोद से सात बाइक चोरी करने की बात स्वीकार की.

पुलिस के अनुसार, देवाशीष चोरी की बाइक बिलासपुर के तिफरा देवनगर निवासी शेख अमीन (33) को बेचता था. बिलासपुर में कार्रवाई के दौरान शेख अमीन को गिरफ्तार कर उसके पास से तीन बाइक बरामद की गईं. देवाशीष के कब्जे से चार बाइक, दो फर्जी RC और एक फर्जी नंबर प्लेट जब्त की गई.

बरामद वाहनों में HF Deluxe, Passion Pro, CB Shine और Honda की अन्य बाइक शामिल हैं. पुलिस ने बताया कि एक Honda Shine बाइक OLX के जरिए खरीदी गई थी. दोनों आरोपियों को अदालत में पेश करने की कार्रवाई शुरू की गई है और मामले में आगे जांच जारी है.