राजनांदगांव शहर में बिजली व्यवस्था को अधिक सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए बिजली विभाग और CSPDCL ने अभियान शुरू किया है. शहर के प्रमुख बाजारों में फैले बेतरतीब केबलों को हटाकर उन्हें व्यवस्थित करने की योजना बनाई गई है.
कैलाश नगर स्थित बिजली विभाग के कार्यालय में BSNL, रिलायंस जियो, एयरटेल और केबल ऑपरेटरों के प्रतिनिधियों के साथ समीक्षा बैठक हुई. अधिकारियों ने बताया कि शहर में सड़क पार करने वाले केबलों और बिजली के खंभों पर लटके अतिरिक्त तारों को चरणबद्ध तरीके से व्यवस्थित किया जाएगा.
14 सितंबर तक सड़क पार केबल व्यवस्थित होंगे
पहले चरण में 14 सितंबर तक रामाधीन मार्ग, कामठी लाइन, सदर बाजार, हलवाई लाइन, सिनेमा लाइन, मानव मंदिर क्षेत्र, गुड़ाकू लाइन और आजाद चौक में सड़क पार करने वाले केबल व्यवस्थित किए जाएंगे. इन्हें बिजली के खंभों के समानांतर लगाने की योजना है.
दूसरे चरण में 14 से 28 सितंबर के बीच बिजली के खंभों पर लटके अतिरिक्त तारों के बंडल हटाए जाएंगे. इससे बाजारों और सड़कों पर तारों का जाल कम करने तथा व्यवस्था को सुरक्षित बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है.
₹2.31 करोड़ से होंगे बिजली व्यवस्था के काम
मुख्यमंत्री शहरी विद्युतीकरण योजना के तहत राजनांदगांव शहर के लिए ₹2.31 करोड़ मंजूर किए गए हैं. इस राशि से करीब 50 नए बिजली खंभे और नए ट्रांसफार्मर लगाए जाएंगे. बिजली के तारों की क्षमता बढ़ाने के साथ लटके हुए तारों की मरम्मत भी की जाएगी.
कलेक्टर जितेंद्र यादव ने अधिकारियों के साथ शहर की सड़कों और बिजली व्यवस्था का निरीक्षण किया. महापौर मधुसूदन यादव ने भी मुख्य सड़कों का जायजा लेकर गणेशोत्सव से पहले जरूरी काम प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए.
बैठक में प्रतिनिधि रूपचंद भीमनानी, कार्यपालन अभियंता सरदार गुरदयाल सिंह फ्लोरा, BSNL से मोहन जायसवाल, जियो से अजय कुमार वर्मा, एयरटेल से ऋतुराज ओझा और संदीप सिंह रहंगडाले तथा सरदार रघुबीर सिंह भाटिया मौजूद रहे.
