छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में शनिवार देर रात एक कार पुलिया से टकरा गई. हादसे में कार सवार तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हैं. घटना सोमनी थाना क्षेत्र में टेडेसरा बस्ती के पास नेशनल हाईवे पर हुई. पुलिस के मुताबिक हादसा रात करीब 1:30 बजे हुआ.
पुलिस के अनुसार, पांचों युवक भिलाई से राजनांदगांव की ओर एक ढाबे में जन्मदिन मनाने जा रहे थे. 3 अक्टूबर को अभिषेक सिंह ठाकुर का जन्मदिन था. वह दुर्ग में इलेक्ट्रिकल और सिविल कार्यों से जुड़े ठेकेदार के रूप में काम करते थे.
हादसे में अभिषेक सिंह ठाकुर और तोषण तिवारी की मौके पर ही मौत हो गई. गंभीर रूप से घायल प्रशांत दास को मेडिकल कॉलेज राजनांदगांव ले जाया गया, जहां रविवार को उसकी मौत हो गई. बाकी दो घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है.
ढाबे से लौटते समय हुआ हादसा
परिजनों के मुताबिक, अभिषेक ने दिन में परिवार के साथ जन्मदिन मनाया था. रात में वह दोस्तों के साथ खाना खाने निकले. युवक पहले एक ढाबे पर पहुंचे, लेकिन खाना नहीं मिलने पर आगे बढ़ गए. बाद में वे दूसरे ढाबे पर रुके. इसी दौरान अभिषेक की कार आगे निकल गई और युवक कार को वापस मोड़कर लौट रहे थे.
बताया गया कि अभिषेक उस समय अपनी कार नहीं, बल्कि दोस्त की कार चला रहे थे. सोमनी नाले के सामने सड़क का मार्ग संकरा होने के बाद कार पुलिया से टकरा गई. पुलिस ने तेज रफ्तार की आशंका जताई है, हालांकि हादसे के वास्तविक कारणों की जांच जारी है.
सोमनी पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है. पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मामले में आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर की जाएगी.
