छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव में बाल आयोग के सदस्य कुल प्रकाश वालदे के घर चोरी का मामला सामने आया है. घटना बसंतपुर थाना क्षेत्र के कौरिनभाटा की है. पुलिस के अनुसार, शुक्रवार दोपहर करीब 2:15 से 2:45 बजे के बीच घर 30 से 40 मिनट के लिए खाली था. इसी दौरान अज्ञात चोर मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर घुसे और सामान लेकर फरार हो गए.

अलमारी और डबल लॉकर तोड़े

चोरों ने पहले हॉल में रखी अलमारी और उसका लॉकर तोड़ा. वहां अधिक सामान नहीं मिलने पर वे बेडरूम में पहुंचे. बेडरूम का ताला तोड़ने के बाद आरोपियों ने वहां रखी अलमारी के डबल लॉकर को भी तोड़ दिया.

वालदे के मुताबिक, अलमारी में सोने-चांदी के गहने और करीब 1 से 1.5 लाख रुपए नकद रखे थे. रक्षाबंधन पर घर आई उनकी बड़ी बहन के गहने और अन्य सामान भी इसी अलमारी में रखे थे. बहन को बस्तर जाना था, लेकिन तीज पर्व के कारण सामान घर में ही रह गया था.

पीड़ित ने चोरी हुए सामान की कुल कीमत करीब 70 से 80 लाख रुपए बताई है. हालांकि, बसंतपुर थाना प्रभारी निरीक्षक कौशलेंद्र देवांगन के अनुसार, बिल दिखाए जाने के बाद 2.5 लाख रुपए के सोने-चांदी के गहने और 1.5 लाख रुपए नकद की चोरी की रिपोर्ट दर्ज की गई है. यानी पुलिस रिकॉर्ड में फिलहाल कुल 4 लाख रुपए की चोरी दर्ज है.

पीड़ित ने शुक्रवार को पुलिस को सूचना दी थी और केस शनिवार को दर्ज किया गया. पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है. पीड़ित ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और चोरी हुआ सामान बरामद करने की मांग की है.