छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में दो गायों की कथित हत्या कर उनका मांस बेचने के मामले में पुलिस ने 10 लोगों को गिरफ्तार किया है. एक 17 वर्षीय लड़की को हिरासत में लिया गया है. पुलिस के अनुसार, आरोपियों की पहचान सीसीटीवी फुटेज की जांच के बाद हुई.

पुलिस अधिकारी ने बताया कि 12 अक्तूबर को गौरीनगर में निर्माणाधीन पुल के पास गाय का कटा हुआ सिर मिला था. इसके दो दिन बाद इसी इलाके के शीतला तालाब में एक और गाय का सिर मिला. शिकायत के बाद मामले की गंभीरता और नवरात्रि पर्व को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों को जानकारी दी गई.

जांच के लिए चिखली थाना और साइबर सेल की टीमें गठित की गईं. पुलिस के मुताबिक, सीसीटीवी फुटेज में कुछ लोग आवारा मवेशियों को अपने घर ले जाते दिखाई दिए. इसके आधार पर गौरीनगर निवासी अब्दुल अलीम उर्फ कनवा, उसकी पत्नी अंजुम बेगम और उनकी 17 वर्षीय बेटी की पहचान की गई.

पुलिस का दावा है कि पूछताछ में अब्दुल अलीम ने अपनी पत्नी, बेटी और अन्य लोगों की मदद से गायों को काटने और मांस बेचने की बात स्वीकार की. हालांकि, मामले में आगे की जांच जारी है और आरोपों का अंतिम निर्धारण न्यायिक प्रक्रिया के बाद होगा.

गिरफ्तार किए गए लोगों में अब्दुल अलीम, अंजुम बेगम, सलमान खान, मोहम्मद साकिर खान, मोइन गौरी, आरिफ कुरैशी, सलीम अख्तर, सैयद नदीम, मोहम्मद सिराज और मोहम्मद तौहीद शामिल हैं.

पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 299, 325, 238 और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है. इसके अलावा पशु क्रूरता निवारण अधिनियम और शस्त्र अधिनियम के प्रावधान भी लगाए गए हैं.