राजनांदगांव के बसंतपुर थाना क्षेत्र की आशीर्वाद कॉलोनी में 11 सितंबर को हुई दिनदहाड़े चोरी के मामले में पुलिस और साइबर सेल ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के पास से 100 ग्राम सोने का डल्ला, करीब 500 ग्राम चांदी के आभूषण, 1.50 लाख रुपये नकद और चोरी में इस्तेमाल पेचकस बरामद किया गया है. बरामद संपत्ति की कुल कीमत 10.50 लाख रुपये बताई गई है.
पुलिस के अनुसार, आशीर्वाद कॉलोनी निवासी कुल प्रकाश वालदे ड्यूटी पर गए थे. इसी दौरान दोपहर करीब 12:30 बजे से 2:45 बजे के बीच चोरों ने घर के मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ा और अलमारी के लॉकर से आभूषण व नकदी ले गए. शिकायत के बाद बसंतपुर थाने में अपराध क्रमांक 420/2026 के तहत बीएनएस की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया.
50 से ज्यादा CCTV फुटेज की जांच
पुलिस ने शहर के 50 से ज्यादा CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले. तकनीकी जांच के आधार पर जगदलपुर जेल से छूटे विक्की वर्मा पर संदेह गया. पुलिस ने 20 सितंबर को 32 वर्षीय विक्की को हरियाणा से पकड़ा. पूछताछ में उसने बताया कि वर्ष 2025-26 में जगदलपुर केंद्रीय जेल में उसकी मुलाकात रहिमन से हुई थी.
पुलिस का दावा है कि जेल से बाहर आने के बाद दोनों ने चोरी की योजना बनाई. रहिमन पीड़ित के मकान की पहली मंजिल पर किराए से रहता था और उसे घर के खाली रहने की जानकारी थी. पुलिस के अनुसार, वह घटना से करीब एक सप्ताह पहले शहर से बाहर चला गया था और मोबाइल के जरिए विक्की के संपर्क में रहा.
चोरी के बाद विक्की हरियाणा पहुंचा और कुरुक्षेत्र के एक ज्वैलर को कुछ आभूषण बेच दिए. पुलिस के मुताबिक, कुछ सोना गलाकर डल्ला बनाया गया था. दोनों आरोपियों को 20 सितंबर को न्यायालय में पेश किया गया. पुलिस चोरी की बाकी संपत्ति की तलाश कर रही है और ज्वैलर की भूमिका की भी जांच जारी है.
