राजनांदगांव के दिग्विजय स्टेडियम में रणजी ट्रॉफी के मुकाबलों की मेजबानी की तैयारी तेज कर दी गई है. मैदान की स्थिति का निरीक्षण करने बीसीसीआई के आब्जर्वर सितंबर के अंत तक यहां आ सकते हैं. निरीक्षण के बाद मिलने वाली हरी झंडी से स्टेडियम में प्रथम श्रेणी क्रिकेट मुकाबला आयोजित करने का रास्ता साफ होगा.
मैदान की आउटफील्ड सुधारने पर करीब 15 लाख रुपये खर्च किए जा रहे हैं. कछारी मिट्टी डालकर समतलीकरण, घास की कटाई और मैदान को खेलने योग्य बनाने का काम पिछले दो महीनों से जारी है. बारिश के दौरान काम की गति कुछ धीमी हुई थी. स्टेडियम के भीतर खिलाड़ियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं को भी बेहतर किया गया है.
बीसीसीआई के मानकों के अनुसार दो लाल मिट्टी की पिच तैयार की गई हैं. इसके लिए मिट्टी औरंगाबाद से लाई गई थी. आयोजकों के मुताबिक, यह पिच तेज गेंदबाजों के लिए मददगार हो सकती है. मैदान में दो काली मिट्टी के विकेट भी तैयार किए गए हैं.
दिग्विजय स्टेडियम में 70 से 75 मीटर की बाउंड्री के साथ पवेलियन, ड्रेसिंग रूम और कॉन्फ्रेंस रूम की सुविधा उपलब्ध है. अब अंतिम निर्णय मुख्य रूप से मैदान की स्थिति और निरीक्षण में तय होने वाले मानकों पर निर्भर है.
छत्तीसगढ़ के तीन घरेलू मुकाबले
रणजी ट्रॉफी 2026-27 के लिए छत्तीसगढ़ को एलीट बी समूह में रखा गया है. इस समूह में आंध्र, सौराष्ट्र, महाराष्ट्र, हरियाणा, सेवाएं, त्रिपुरा और पंजाब भी शामिल हैं. छत्तीसगढ़ के घरेलू कार्यक्रम में 26 से 29 अक्टूबर को आंध्र प्रदेश, 2 से 5 नवंबर को हैदराबाद और 25 से 28 जनवरी 2027 को कर्नाटक के खिलाफ मुकाबले शामिल हैं. जिला क्रिकेट एसोसिएशन इनमें से एक मैच राजनांदगांव में कराने का प्रयास कर रहा है.
दिग्विजय स्टेडियम समिति के सह सचिव योगेश बागड़ी ने कहा कि आब्जर्वर के आने से पहले सभी निर्धारित मानकों को पूरा करने पर काम किया जा रहा है.
