राजनांदगांव में गणेशोत्सव को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन, पुलिस और गणेशोत्सव समितियों के पदाधिकारियों की समीक्षा बैठक हुई. बैठक में स्वच्छता, सुरक्षा, यातायात और विद्युत व्यवस्था को लेकर कई निर्देश दिए गए.

प्रशासन के अनुसार, नगर निगम प्रत्येक गणेश पंडाल के लिए एक समर्पित सफाई टीम तैनात करेगा. उत्सव समाप्त होने के बाद बेहतर स्वच्छता और कचरा प्रबंधन करने वाले तीन सर्वश्रेष्ठ पंडालों को जिला प्रशासन सम्मानित करेगा और प्रमाण-पत्र देगा. समितियों से पंडालों को सिंगल यूज़ प्लास्टिक से मुक्त रखने की अपील भी की गई है.

रात 10 बजे के बाद डीजे पर रोक

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि उच्च न्यायालय के निर्देशों के तहत रात 10 बजे के बाद ध्वनि विस्तारक यंत्रों और डीजे के इस्तेमाल पर प्रतिबंध रहेगा. प्रत्येक पंडाल के लिए नोडल या समर्पित पुलिस टीम नियुक्त की जाएगी. समितियों से पर्याप्त संख्या में स्वयंसेवक तैनात करने को कहा गया है.

विद्युत विभाग ने बताया कि विसर्जन मार्गों का निरीक्षण कर तारों की ऊंचाई बढ़ाई गई है. नए पोल लगाकर सर्विस क्रॉसिंग को सुरक्षित किया गया है और दूरसंचार लाइनों को व्यवस्थित किया जा रहा है. बड़े पंडालों में आग से बचाव के लिए अग्निशमन उपकरण रखना अनिवार्य किया गया है.

समितियों से पर्यावरण संरक्षण और पीएम सूर्य घर योजना के प्रति लोगों को जागरूक करने का आग्रह भी किया गया.