छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव में गायों के कथित वध और मांस की खरीद-बिक्री से जुड़े मामले में नगर निगम ने मुख्य आरोपी अब्दुल अलीम उर्फ कनवा के गौरी नगर स्थित मकान को बुलडोजर से ढहा दिया. प्रशासन के अनुसार, वार्ड नंबर 13 में बना यह मकान सरकारी जमीन पर अवैध निर्माण था. कार्रवाई के दौरान पुलिस बल तैनात रहा और नगर निगम, जिला प्रशासन तथा पुलिस के अधिकारी मौके पर मौजूद थे.
नगर निगम आयुक्त जीआर मरकाम, एसडीएम गौतम पाटिल, डीएसपी एसपी तिवारी और तहसीलदार प्यारेलाल नाग की मौजूदगी में निर्माण हटाया गया. कार्रवाई के दौरान आरोपी के परिवार के सदस्यों को सामान बाहर ले जाते देखा गया. आरोपी का कथित अवैध मांस ठेला भी पहले हटाया जा चुका है.
प्रशासन की कार्रवाई और स्थानीय विरोध
मामले के बाद सर्व हिंदू समाज ने शहर में अवैध रूप से चल रही मांस, बिरयानी, चिकन और अंडे की दुकानों पर रोक लगाने की मांग की है. संगठन की ओर से प्रशासन को ज्ञापन सौंपे जाने की बात सामने आई है. महापौर मधुसूदन यादव ने अवैध मांस कारोबार के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं. प्रशासन के मुताबिक, दुकानों के लाइसेंस और अन्य दस्तावेजों की जांच की जाएगी. सरकारी जमीन पर कब्जे या आवंटित दुकानों के कथित दुरुपयोग के मामलों में आवंटन अथवा पट्टा निरस्त करने की कार्रवाई भी हो सकती है.
CCTV जांच के बाद गिरफ्तारियां
पुलिस के मुताबिक, 12 अक्टूबर को निर्माणाधीन अंडरब्रिज और 14 अक्टूबर को गौरी नगर के शीतला तालाब के पास गाय के कटे सिर मिलने के बाद जांच शुरू हुई. घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज में कुछ लोगों को देर रात मवेशियों को ले जाते देखा गया. इसी आधार पर अब्दुल अलीम, उसकी पत्नी और नाबालिग बेटी समेत अन्य संदिग्धों की पहचान की गई.
पुलिस का दावा है कि पूछताछ में आरोपियों ने गायों को काटकर मांस बेचने और पहचान छिपाने के लिए कटे सिर अलग-अलग स्थानों पर फेंकने की बात कही. मामले में अब तक 14 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजे जाने की जानकारी दी गई है. नाबालिग लड़की को बाल संप्रेक्षण गृह भेजा गया है. एक आरोपी एजाज अहमद उर्फ कसाई को नागपुर से पकड़े जाने की बात भी पुलिस ने कही है.
जांच एजेंसियां कथित मांस कारोबार के नागपुर तक जुड़े होने की भी जांच कर रही हैं. आरोपियों को अदालत से बाहर लाए जाने के दौरान भीड़ के विरोध, मारपीट और स्याही फेंके जाने की घटना सामने आई थी. इन आरोपों और जांच के अंतिम निष्कर्ष पर अदालत की प्रक्रिया जारी है.
