राजनांदगांव के हॉकी स्टेडियम में आगामी जनवरी तक नया एस्ट्रोटर्फ बिछाए जाने की उम्मीद है. लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने इसके लिए दिल्ली की एक एजेंसी को वर्क ऑर्डर जारी कर दिया है. शनिवार से पुराने टर्फ को हटाने का काम शुरू हो गया है और इसे करीब एक सप्ताह में पूरी तरह उखाड़ने की योजना है.
करीब 5.64 करोड़ रुपये की लागत से नया एस्ट्रोटर्फ लगाया जा रहा है. टर्फ बदलने का काम पूरा होने के बाद राजनांदगांव में अखिल भारतीय हॉकी प्रतियोगिता आयोजित की जा सकेगी. शहर को ‘हॉकी की नर्सरी’ के रूप में जाना जाता है.
खराब टर्फ से रुकी थी प्रतियोगिता
करीब 11 वर्ष पहले 22 करोड़ रुपये की लागत से पूरे स्टेडियम का निर्माण कराया गया था. इसमें एस्ट्रोटर्फ भी शामिल था. समय के साथ टर्फ खराब हो गया था. उसकी सतह उखड़ने के अलावा कई जगह कीचड़ और काले धब्बे जम गए थे. इससे खिलाड़ियों का वहां खेलना लगभग बंद हो गया था.
इस स्थिति के कारण करीब 80 वर्ष से चली आ रही अखिल भारतीय महंत राजा सर्वेश्वरदास स्मृति हॉकी प्रतियोगिता के आयोजन की परंपरा भी रुक गई थी. पिछले वर्ष नए टर्फ को बदलने की स्वीकृति मिलने के बाद अब काम शुरू हुआ है.
हालांकि, मैचों के लिए केवल टर्फ बदलना पर्याप्त नहीं होगा. टर्फ धोने वाला स्प्रिंकलर खराब है, जिसे ठीक करना जरूरी बताया गया है. स्टेडियम में फ्लड लाइट और पवेलियन के दोनों ओर दर्शकों के लिए शेड लगाने की मांग भी की गई है.
