छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव में विजयादशमी के अवसर पर आयोजित शस्त्र पूजन कार्यक्रम का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. वीडियो में जिला पुलिस अधीक्षक और IPS अधिकारी अंकिता शर्मा नीली साड़ी पहने AK-47 से हवाई फायरिंग करती नजर आ रही हैं.
यह कार्यक्रम राजनांदगांव पुलिस लाइन में हुआ, जहां हथियारों के साथ पुलिस वाहनों की भी पूजा की गई. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, शस्त्र पूजन के बाद अंकिता शर्मा ने राइफल संभाली और औपचारिक तौर पर फायरिंग की. कार्यक्रम में पुलिस अधिकारी और जवान मौजूद थे.
कौन हैं अंकिता शर्मा?
अंकिता शर्मा छत्तीसगढ़ कैडर की 2018 बैच की IPS अधिकारी हैं. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्होंने UPSC सिविल सेवा परीक्षा तीसरे प्रयास में पास की थी और 2017 की परीक्षा में ऑल इंडिया रैंक 203 हासिल की थी.
उन्होंने अपने करियर की शुरुआत भाटापारा से की और रायपुर के आजाद चौक क्षेत्र में नगर पुलिस अधीक्षक के तौर पर भी काम किया. मई 2022 में उन्हें खैरागढ़ की पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया था. उनके पुलिसिंग अंदाज और नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में तैनाती के कारण उन्हें कई रिपोर्ट्स में ‘लेडी सिंघम’ कहा गया है.
