राजनांदगांव में 15 अक्टूबर को दिग्विजय स्टेडियम में ‘राग नांदगांव’ सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया जा रहा है. कार्यक्रम में बॉलीवुड गायक जुबिन नौटियाल का लाइव कॉन्सर्ट भी होगा. संभावित भीड़ और वीआईपी आवाजाही को देखते हुए पुलिस तथा यातायात प्रशासन ने दर्शकों के लिए एडवाइजरी जारी की है.

यातायात पुलिस के अनुसार, शाम 6 बजे से रात 8 बजे के बीच स्टेडियम के प्रवेश द्वारों पर भीड़ बढ़ने की संभावना है. दर्शकों को कतार और असुविधा से बचने के लिए शाम 4:30 से 6 बजे के बीच स्टेडियम पहुंचने की सलाह दी गई है. प्रवेश से पहले सुरक्षा जांच और फ्रिस्किंग होगी, जिसमें समय लग सकता है.

पास के अनुसार ही प्रवेश

स्टेडियम में प्रवेश के लिए पांच मुख्य द्वार निर्धारित किए गए हैं. दर्शकों को पास पर अंकित गेट से ही प्रवेश मिलेगा. मुख्य द्वार ए एलआईसी कार्यालय के सामने, द्वार बी एसबीआई मुख्य शाखा के सामने, द्वार सी एचडीएफसी बैंक के बगल वाली गली, द्वार डी हनुमान मंदिर के पास और द्वार ई गौशाला पिंजरापोल की दिशा में हाईवे वाली मुख्य सड़क पर बनाया गया है.

पास पर गेट नंबर 1 से 6 और गैलरी गेट 2 से 8 का उल्लेख किया गया है. पुलिस ने दर्शकों से अपना वैध पास और मूल पहचान पत्र साथ रखने को कहा है.

कार्यक्रम के लिए अलग-अलग श्रेणियों के पास के अनुसार पार्किंग स्थल तय किए गए हैं. लोगों से केवल अधिकृत पार्किंग का इस्तेमाल करने और सड़कों पर वाहन खड़ा नहीं करने की अपील की गई है. आसपास रहने वाले या पैदल पहुंच सकने वाले दर्शकों से निजी वाहन के बजाय पैदल आने को कहा गया है.

स्टेडियम के भीतर धारदार हथियार, माचिस, लाइटर, ज्वलनशील सामग्री और आपत्तिजनक वस्तुएं ले जाना प्रतिबंधित रहेगा. पुलिस ने फर्जी पास, अव्यवस्था और सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने की स्थिति में कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी है.