छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले का खैरा गांव पीएम सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना के तहत 100 प्रतिशत रूफटॉप सोलर कवरेज हासिल करने वाला देश का पहला गांव बन गया है. गांव के सभी 141 घरों की छतों पर सोलर सिस्टम लगाए जा चुके हैं.

खैरा की आबादी 889 है और प्रत्येक घर में 2 किलोवाट क्षमता का सिस्टम लगाया गया है. इससे गांव की कुल स्थापित सौर ऊर्जा क्षमता करीब 282 किलोवाट हो गई है. नेट मीटरिंग व्यवस्था के तहत घरों की जरूरत पूरी होने के बाद बची बिजली ग्रिड को भेजी जा सकेगी.

इस परियोजना के लिए ग्रामीणों को अपनी जेब से भुगतान नहीं करना पड़ा. केंद्र और राज्य सरकार की सब्सिडी के बाद बची लागत कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी यानी CSR फंड से पूरी की गई.

कमजोर परिवारों तक पहुंची योजना

141 सौर ऊर्जा वाले घरों में 93 प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के लाभार्थियों के हैं. गांव में 21 अनुसूचित जनजाति परिवारों और चार अनुसूचित जाति परिवारों को भी इस पहल का लाभ मिला है.

परियोजना को आगे बढ़ाने में जिला प्रशासन, ग्राम पंचायत, स्वयं सहायता समूहों और स्थानीय महिला कार्यकर्ताओं की भूमिका रही. घर-घर संपर्क, जागरूकता बैठकों और दस्तावेजी प्रक्रिया में सहायता के जरिए ग्रामीणों को योजना से जोड़ा गया. इससे खैरा बिजली उपभोक्ता से ऊर्जा उत्पादक बनने की दिशा में आगे बढ़ा है.