छत्तीसगढ़ की करीब 90 करोड़ रुपये की राजनांदगांव-खैरागढ़ सड़क पूरी तरह तैयार होने से पहले ही विवादों में आ गई है. मार्ग के कुछ हिस्सों में पहली डामर परत उखड़ गई है. कई जगह गिट्टी बाहर दिख रही है और सड़क की सतह ऊबड़-खाबड़ हो गई है.
निर्माण की गुणवत्ता को लेकर शिकायत में तकनीकी मानकों की अनदेखी, गुणवत्ताविहीन काम और कथित भ्रष्टाचार के आरोप लगाए गए हैं. हालांकि विभाग का कहना है कि पहली डामर परत के बाद हुई तेज बारिश और पानी के कारण कुछ हिस्से क्षतिग्रस्त हुए. खैरागढ़ की उप अभियंता स्मारिका तिवारी के अनुसार सड़क पर अभी दो और परतें बिछाई जानी हैं. खराब हिस्से को हटाकर दोबारा डामरीकरण किया जाएगा.
तीन दिन में रिपोर्ट देने का निर्देश
सितंबर 2026 में जिला सहकारी केंद्रीय बैंक राजनांदगांव के उपाध्यक्ष भरत लाल वर्मा ने राजनांदगांव-खैरागढ़ और राजनांदगांव-मोहला-मानपुर सड़क परियोजनाओं की जांच की मांग की थी. इसके बाद लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता विजय कुमार भतपहरी ने 2 अक्टूबर 2026 को चार सदस्यीय जांच समिति गठित की. समिति को तीन दिन में रिपोर्ट सौंपने को कहा गया है.
जांच में GSB, WMM, सबग्रेड, डामरीकरण, बिटुमिन की मात्रा, सड़क की मोटाई, घनत्व, ग्रेडेशन, लेवल और एग्रीगेट जैसे तकनीकी मानकों की जांच होगी. निर्माण एजेंसी और गुणवत्ता की निगरानी के लिए जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका भी देखी जाएगी.
आदेश के अनुसार गुणवत्ता में समझौता, वित्तीय अनियमितता या भ्रष्टाचार प्रमाणित होने पर कार्रवाई की जा सकती है. जांच पूरी होने तक संबंधित कार्यों के भुगतान पर रोक लगाने पर भी विचार किया गया है. डोंगरगांव-कुमरदा समेत उखड़े हिस्सों में सुरक्षित आवागमन के लिए तत्काल मरम्मत, चेतावनी संकेत और वैकल्पिक व्यवस्था के निर्देश दिए गए हैं.
