राजनांदगांव में साइबर ठगी की रकम के लेन-देन के लिए कथित तौर पर म्यूल बैंक अकाउंट उपलब्ध कराने के आरोप में पुलिस ने दुर्ग जिले से एक युवक को गिरफ्तार किया है. आरोपी की पहचान दीपक पाल (24) के रूप में हुई है. वह दुर्ग के सुपेला थाना क्षेत्र का रहने वाला है.

बसंतपुर पुलिस और साइबर सेल राजनांदगांव की टीम ने यह कार्रवाई की. पुलिस के मुताबिक, पुलिस मुख्यालय रायपुर और गृह मंत्रालय के I4C समन्वय पोर्टल से मिली जानकारी की जांच के बाद आरोपी तक पहुंचा गया.

जांच में सामने आया कि IDFC FIRST Bank में ‘जय अंबे फर्नीचर मार्ट’ के नाम से चल रहे खाते का इस्तेमाल साइबर ठगी की रकम ट्रांसफर करने के लिए किया जा रहा था. पुलिस के अनुसार, इस खाते में ₹5,88,404 की ठगी की रकम आई थी. खाते की जांच में अब तक ₹75,02,500 के संदिग्ध लेन-देन का पता चला है.

पुलिस ने बताया कि इसी बैंक खाते से जुड़ी साइबर अपराध की शिकायतें 19 अलग-अलग राज्यों से मिली हैं. मामले में बसंतपुर थाने में अपराध क्रमांक 458/2026 के तहत BNS की धारा 317(2), 317(4) और 317(5) में केस दर्ज किया गया है. आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है.

पुलिस की नागरिकों से अपील

म्यूल अकाउंट ऐसे बैंक खातों को कहा जाता है, जिनका इस्तेमाल साइबर ठगी, फर्जी ट्रेडिंग, गेमिंग या सट्टेबाजी ऐप्स से मिली रकम को छिपाने अथवा आगे भेजने में किया जाता है. पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे कमीशन या लालच में अपना बैंक खाता, एटीएम कार्ड, चेकबुक, इंटरनेट बैंकिंग या UPI संबंधी जानकारी किसी को न दें. पुलिस के अनुसार, खाते के गलत इस्तेमाल पर खाताधारक के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई हो सकती है.