राजनांदगांव में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) की दुकानों से सितंबर और अक्टूबर का राशन एकमुश्त देना शुरू कर दिया गया है. खाद्य विभाग ने ई-पॉस मशीनों का सॉफ्टवेयर अपडेट करा दिया है, जिसके बाद राशन कार्डधारकों को उनके निर्धारित कोटे के अनुसार चावल वितरित किया जा रहा है.
सामान्य तौर पर हर महीने की शुरुआत में राशन वितरण शुरू हो जाता है. इस बार ई-पॉस मशीनों के तकनीकी अपडेट में करीब एक सप्ताह लगने से हितग्राहियों को वितरण शुरू होने का इंतजार करना पड़ा. विभाग ने दो माह के राशन का आवंटन जारी कर दिया था, लेकिन मशीनों में अपडेट नहीं होने के कारण दुकानों पर वितरण अटका हुआ था.
जिन दुकानों में पहले से दो माह का भंडारण किया गया था, वहां चावल देना शुरू कर दिया गया था. हालांकि तकनीकी समस्या के कारण प्रक्रिया में अधिक समय लग रहा था. सॉफ्टवेयर अपडेट के बाद अब वितरण में तेजी आने की उम्मीद है.
कुछ पीडीएस दुकानों में आवंटन कम होने के कारण फिलहाल केवल एक माह का चावल दिया जा रहा है. ऐसे हितग्राही शेष राशन का उठाव संबंधित दुकान पर स्टॉक पहुंचने के बाद कर सकेंगे. राशन लेने से पहले कार्डधारक अपनी दुकान पर उपलब्ध स्टॉक और वितरण की स्थिति की जानकारी ले सकते हैं.
