छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव में चेक क्लियरिंग में देरी के मामले में जिला उपभोक्ता आयोग ने भारतीय स्टेट बैंक (SBI) की दिग्विजय स्टेडियम शाखा को सेवा में कमी का दोषी माना है. आयोग ने बैंक को परिवादी को कुल 60 हजार रुपए देने का आदेश दिया है. इसमें 50 हजार रुपए चेक की राशि, 5 हजार रुपए मानसिक क्षतिपूर्ति और 5 हजार रुपए वाद व्यय शामिल हैं.

राजनांदगांव के शांति नगर वार्ड-04 निवासी खिलेश्वर सिन्हा का खाता SBI की इसी शाखा में है. उन्हें रवि वैष्णव की ओर से जना स्मॉल फाइनेंस बैंक, दुर्ग का 50 हजार रुपए का चेक मिला था. चेक 21 नवंबर 2025 को जारी हुआ था और सिन्हा ने इसे 18 फरवरी 2026 को SBI में जमा किया.

परिवादी के मुताबिक, 19 फरवरी को कार्यदिवस होने के बावजूद चेक क्लियरिंग के लिए आगे नहीं भेजा गया. बैंक ने इसे 20 फरवरी को भेजा. इस बीच चेक की 90 दिन की वैधता समाप्त हो गई और 21 फरवरी को उसे ‘इंस्ट्रूमेंट आउटडेटेड/स्टेल’ कारण से लौटा दिया गया.

सर्वर डाउन की दलील पर आयोग की टिप्पणी

बैंक ने सफाई में 19 फरवरी को सर्वर डाउन और नेटवर्क समस्या का हवाला दिया. हालांकि, आयोग के अनुसार बैंक इस दावे के समर्थन में दस्तावेजी साक्ष्य पेश नहीं कर सका. आयोग ने कहा कि सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक पूरे कार्यालयीन समय में तकनीकी समस्या रहने की बात साबित करने की जिम्मेदारी बैंक की थी. केवल तकनीकी खराबी का उल्लेख करके बैंक अपनी जिम्मेदारी से नहीं बच सकता.

आदेश में आयोग ने सुप्रीम कोर्ट के ‘कैनरा बैंक बनाम कविता चौधरी’ मामले का भी उल्लेख किया. आयोग ने माना कि बैंक की देरी के कारण चेक की वैधता समाप्त हुई और परिवादी को भुगतान नहीं मिल सका.

आयोग के सदस्य डॉ. आनंद वर्गिस ने 26 नवंबर 2026 को आदेश सुनाया. बैंक को 45 दिन के भीतर 60 हजार रुपए का भुगतान करना होगा. तय अवधि में राशि नहीं देने पर आदेश की तारीख से पूरी रकम पर 6 प्रतिशत वार्षिक ब्याज भी देना होगा.