राजनांदगांव में आयोजित विधिक साक्षरता शिविर में न्यायाधीश अमित जिंदल ने कहा कि किसी महिला को ‘टोनही’ कहना भी कानून के तहत दंडनीय अपराध है. दोष साबित होने पर मामले की प्रकृति के अनुसार एक से पांच वर्ष तक कठोर कारावास और जुर्माने का प्रावधान हो सकता है.

महारानी लक्ष्मी बाई कन्या उच्चतर माध्यमिक शाला में आयोजित शिविर में छात्राओं को छत्तीसगढ़ टोनही प्रताड़ना निवारण अधिनियम, 2005 और नए आपराधिक कानूनों की जानकारी दी गई. न्यायाधीश ने बताया कि अंधविश्वास के आधार पर महिलाओं को टोनही बताकर प्रताड़ित करने की घटनाओं से निपटने के लिए कानून में कड़े प्रावधान हैं.

टोनही प्रताड़ना पर कानून के प्रावधान

शिविर में दी गई जानकारी के अनुसार, अधिनियम की धारा 4 के तहत किसी महिला की टोनही के रूप में पहचान करने पर, भले ही उसे शारीरिक नुकसान न पहुंचाया गया हो, तीन वर्ष तक के सश्रम कारावास और जुर्माने की सजा हो सकती है. धारा 5 में टोनही कहकर शारीरिक या मानसिक प्रताड़ना देने पर पांच वर्ष तक कठोर कारावास और जुर्माने का प्रावधान बताया गया.

धारा 6 के तहत झाड़-फूंक या कथित रूप से टोनही का असर खत्म करने का झूठा दावा करने पर पांच वर्ष तक की सजा हो सकती है. जादुई शक्ति से किसी को नुकसान पहुंचाने का दावा करने पर धारा 7 में एक वर्ष तक की कैद का प्रावधान है. अपराध के प्रयास पर भी धारा 8 के तहत मुख्य अपराध जैसा दंड दिए जाने की जानकारी दी गई.

जिला जेल में हुए एक अन्य विधिक जागरूकता शिविर में BNSS 2023 की धारा 173 के तहत इलेक्ट्रॉनिक माध्यम से संज्ञेय अपराध की सूचना देने के अधिकार के बारे में बताया गया. जानकारी के मुताबिक, सूचनादाता को तीन दिन के भीतर हस्ताक्षर करने पर एफआईआर दर्ज की जाएगी. महिला संबंधी अपराधों और मानव तस्करी के मामलों में एफआईआर महिला पुलिस अधिकारी द्वारा दर्ज किए जाने तथा दिव्यांग पीड़ित के घर पर बयान दर्ज कराने की सुविधा का भी उल्लेख किया गया.