राजनांदगांव शहर की बिगड़ती यातायात व्यवस्था को सुधारने के लिए व्यापारियों ने सड़क और सार्वजनिक स्थानों पर दुकानों का सामान नहीं रखने की जिम्मेदारी लेने पर सहमति जताई है. इस संबंध में चेंबर ऑफ कॉमर्स के जिला अध्यक्ष कमलेश बैद के नेतृत्व में करीब 50-60 व्यापारियों की बैठक हुई.

बैठक में वन-वे व्यवस्था, पार्किंग, लोडिंग-अनलोडिंग और बाजार क्षेत्र में यातायात अनुशासन जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई. व्यापारियों ने सहमति दी कि दुकानों का सामान सड़क या सार्वजनिक स्थान पर बाहर नहीं रखा जाएगा. इसके बावजूद सामान बाहर पाए जाने पर नगर निगम नियमानुसार कार्रवाई कर सकेगा.

वन-वे और पार्किंग व्यवस्था पर चर्चा

त्योहारी सीजन में बाजारों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए गुरुद्वारा चौक से वन-वे व्यवस्था शुरू करने और महावीर चौक व भगत सिंह चौक की ओर से आवागमन को व्यवस्थित करने की दिशा में काम करने पर चर्चा हुई. व्यापारियों और शासन-प्रशासन के बीच समन्वय से व्यवस्था लागू करने पर जोर दिया गया.

व्यवस्थित पार्किंग के लिए पुत्रीशाला स्कूल, गंज चौक क्षेत्र और महावीर चौक में स्थान चिह्नित करने पर सहमति बनी. गन चौक क्षेत्र में लोडिंग-अनलोडिंग की व्यवस्था को लेकर भी व्यापारियों ने सुझाव दिए. छोटे पसरा व्यापारियों के लिए फ्लावर के नीचे निर्धारित स्थान उपलब्ध कराने के प्रस्ताव पर सकारात्मक चर्चा हुई.

बैठक में व्यापारियों की ओर से 5-6 सदस्यों की समिति गठित की गई है. यह समिति आगे शासन-प्रशासन के साथ चर्चा कर तय व्यवस्थाओं को प्रभावी बनाने की दिशा में काम करेगी. चेंबर महामंत्री अरुण डुलानी ने कहा कि व्यापारियों की सुविधा और शहर की बेहतर यातायात व्यवस्था एक-दूसरे से जुड़ी हैं.