छत्तीसगढ़ के रामानुजगंज में मां महामाया मंदिर के सामने स्थित छठ घाट में डूबने से 14 वर्षीय किशोर इरशाद आलम की मौत हो गई. वह अपने परिवार के साथ झारखंड के डाल्टनगंज क्षेत्र के बंदूवा गांव से रामानुजगंज में गुब्बारे बेचने आया था. हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा है.

जानकारी के अनुसार, सोमवार दोपहर तक इरशाद और परिवार के अन्य बच्चे गुब्बारे बेच रहे थे. इसके बाद इरशाद दो अन्य बच्चों के साथ नहाने के लिए छठ घाट पहुंचा. दोपहर करीब एक बजे नहाते समय वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया. उसके साथ मौजूद बच्चों ने घटना की जानकारी परिवार के सदस्यों को दी.

इसके बाद किशोर की तलाश शुरू की गई. स्थानीय युवकों ने भी पानी में खोजबीन की. करीब ढाई घंटे के प्रयास के बाद दोपहर लगभग तीन बजे इरशाद का शव पानी से बरामद कर लिया गया.

घटना की सूचना पुलिस अधीक्षक को दी गई थी. उनके निर्देश पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची, हालांकि पुलिस के पहुंचने से पहले ही स्थानीय लोग तलाश में जुटे हुए थे.

छठ घाट और मां महामाया मंदिर क्षेत्र में श्रद्धालुओं की आवाजाही के बीच हुए इस हादसे से इलाके का माहौल गमगीन हो गया. परिवार रोजी-रोटी के लिए रामानुजगंज आया था, लेकिन किशोर की मौत से उस पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा.